1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जो रूट का वनडे में एक और कारनामा, इंग्लैंड के लिए रच दिया इतिहास

जो रूट का वनडे में एक और कारनामा, इंग्लैंड के लिए रच दिया इतिहास

जो रूट ने वनडे इंटरनेशनल में अपने आठ हजार रन पूरे ​कर लिए हैं। वे इंग्लैंड के लिए ऐसा करने वाले पहले और अकेले खिलाड़ी हो गए हैं। विश्व क्रिकेट में वे सबसे तेज यहां तक पहुंचने वाले चौथे नंबर के बल्लेबाज हैं।

joe root- India TV Hindi
Image Source : AP जो रूट

इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाजों में शुमार जो रूट ने वनडे ​क्रिकेट में एक और बड़ा कारनामा किया है। जो काम आज तक इंग्लैंड के लिए इस फॉर्मेट में कोई नहीं कर पाया, वो रूट ने कर दिया है। वैसे तो उनके नाम टेस्ट ​क्रिकेट में कितने ही कीर्तिमान हैं, लेकिन इस बार उन्होंने वनडे में ये काम किया है। वे अब वनडे में आठ हजार रन बनाने वाले इंग्लैंड के पहले और अकेले बल्लेबाज बन गए हैं। 

श्रीलंका के खिलाफ 69 रन बनाकर जो रूट ने पूरे किए वनडे में आठ हजार रन

इंग्लैंड की टीम इस वक्त पाकिस्तान के दौरे पर है, जहां ट्राई सीरीज खेली जा रही है। इसी में श्रीलंका के खिलाफ खेलते हुए जो रूट ने नई कहानी लिख दी। जो रूट ने 66 बॉल पर 69 रन बनाए। इसमें उन्होंने आठ चौके लगाए। इसी के साथ उन्होंने वनडे में आठ ​हजार रन पूरे कर लिए हैं। इंग्लैंड के लिए इससे पहले वनडे में सबसे ज्यादा रन इयॉन मोर्गन ने बनाए थे। उन्होंने 225 वनडे मैच खेलकर 6957 रन बनाने में कामयाबी हासिल की थी। जो रूट सात हजार और उसके बाद अब आठ हजार रन बनाने वाले पहले इंग्लिश बल्लेबाज बन गए हैं। 

वनडे में सबसे तेज आठ हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के चौथे नंबर के बल्लेबाज

जो रूट वनडे में आठ हजार रन बनाने वाले चौथे नंबर के बल्लेबाज बन गए हैं। सबसे तेज ये काम विराट कोहली ने किया था। कोहली ने जब साल 2017 में आठ हजार रन का आंकड़ा छुआ था, तब उन्होंने 175 पारियां खेली थी। इस मामले में हाशिम अमला दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने साल 2019 में 175 पारियां खेलकर आठ हजार रन बनाए थे। साउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स ने साल 2015 में 182 पारियां खेलकर 8000 रन बनाए थे। जो रूट ने अब तक 197 पारियां खेली हैं और आठ हजार रन पूरे कर लिए हैं। रूट ने सौरव गांगुली को पीछे कर दिया है, जिन्होंने 200 पारियां खेलकर इतने ही रन बनाए थे। 

हैरी ब्रूक ने इसी मैच में ठोक दी सबसे तेज डबल सेंचुरी

वैसे तो ये जो रूट के लिए ऐतिहासिक मैच रहा, लेकिन सारी लाइमलाइट हैरी ब्रूक ले गए, जिन्होंने इसी मैच में दोहरा शतक लगा दिया। हैरी ब्रूक अब वनडे में सबसे तेज डबल सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने केवल 114 बॉल पर 200 रन बना दिए। इससे पहले ये रिकॉर्ड शुभमन गिल के नाम था, जिन्होंने कुछ ही दिन पहले 117 बॉल पर डबल सेंचुरी मारी थी। 

यह भी पढ़ें 

हैरी ब्रूक ने वनडे में ठोक दी सबसे तेज डबल सेंचुरी, शुभमन गिल का वर्ल्ड रिकॉर्ड चकनाचूर

कप्तान अय्यर जीत के बावजूद गेंदबाजों से रहे नाखुश, नमन धीर को लेकर दिया बड़ा बयान

Latest Cricket News