A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कोहली और लारा भी टेस्ट में नहीं कर पाए ऐसा कारनामा, अब जो रूट ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

कोहली और लारा भी टेस्ट में नहीं कर पाए ऐसा कारनामा, अब जो रूट ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

Joe Root: जो रूट ने भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट की पहली पारी में सेंचुरी लगाई थी। वहीं दूसरी पारी में वह 40 रन बनाकर आउट हुए हैं।

joe root- India TV Hindi
Image Source : GETTY विराट कोहली, ब्रायन लारा और जो रूट

जो रूट ने भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में अच्छी बल्लेबाजी की है। उन्होंने पहली पारी में शतक लगाया था और 104 रनों की पारी खेलकर टीम को 387 रनों तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद भारत ने भी पहली पारी में 387 रन बनाए और स्कोर बराबर हो गया। अब दूसरी पारी में उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।

जो रूट ने किया बड़ा कमाल

भारत के खिलाफ दूसरी पारी में जो रूट ने 40 रन बनाए। इसी के साथ उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए अपने 8000 रन पूरे कर लिए। खास बात ये है कि रूट से पहले सिर्फ तीन बल्लेबाज ही टेस्ट में नंबर-4 पर बैटिंग करते हुए 8000 रन बना पाए थे। इनमें सचिन तेंदुलकर, महेला जयवर्धने और जैक कैलिस के नाम शामिल थे। अब रूट इन दिग्गज बल्लेबाजों के क्लब में शामिल हो गए हैं। विराट कोहली (7564) और ब्रायन लारा (7535 रन) ने भी टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय तक नंबर-4 पर बल्लेबाजी की। लेकिन ये दोनों भी इस पोजीशन पर बैटिंग करते हुए 8000 रन नहीं बना पाए थे।

Image Source : gettyजो रूट

टेस्ट क्रिकेट में बना चुके 13000 से ज्यादा टेस्ट रन

जो रूट ने इंग्लैंड की टीम के लिए साल 2012 में टेस्ट में डेब्यू किया था। इसके बाद से ही वह इंग्लैंड के बैटिंग ऑर्डर की अहम कड़ी बन गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के लिए 156 टेस्ट मैचों में कुल 13259 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 37 शतक और 66 अर्धशतक निकले हैं।

दूसरी पारी में इंग्लैंड की टीम बना चुकी 175 रन

पहली पारी में दोनों टीमों का स्कोर बराबर होने के बाद इंग्लैंड की टीम ने दूसरी पारी में अभी तक 6 विकेट के नुकसान पर 175 रन बना लिए हैं। क्रीज पर क्रिस वोक्स 8 रन और बेन स्टोक्स 27 रन बनाकर मौजूद हैं। टीम के लिए जो रूट ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए हैं। वहीं जैक क्रॉली के बल्ले से 22 रन निकले हैं। भारत के लिए मोहम्मद सिराज और वॉशिंगटन सुंदर ने दो-दो विकेट हासिल किए हैं। नितीश रेड्डी और आकाश दीप के खाते में एक-एक विकेट आया है।

यह भी पढ़ें:

लॉर्ड्स टेस्ट मैच में ये खिलाड़ी साबित हो सकता है टीम इंडिया का X फैक्टर, चौथी पारी के आंकड़े हैं शानदार

बार-बार देखना चाहेंगे आप इस विकेट का VIDEO, आकाश दीप ने उखाड़ फेंका हैरी ब्रूक का मिडिल स्टंप

Latest Cricket News