A
Hindi News खेल क्रिकेट भारत के खिलाफ जो कोई नहीं कर पाया, वो महान कारनामा करेगा धाकड़ अंग्रेज बल्लेबाज

भारत के खिलाफ जो कोई नहीं कर पाया, वो महान कारनामा करेगा धाकड़ अंग्रेज बल्लेबाज

भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की चौथी पारी में जो रूट ने शानदार अर्धशतक जड़ा। अब उनकी नजरें दूसरे टेस्ट मैच में भी शानदार प्रदर्शन करने पर लगी होंगी।

ind vs eng- India TV Hindi Image Source : GETTY जो रूट

Joe Root: भारतीय टेस्ट टीम इस वक्त इंग्लैंड में है और लीड्स में पहला टेस्ट मैच हारने के बाद दूसरे टेस्ट में वापसी करने की तैयारी में जुट गई है। वहीं, पहले टेस्ट मैच में 371 रनों का टारगेट चेज करने के बाद मेजबान इंग्लैंड के हौसले बुलंद हैं। लीड्स टेस्ट में वैसे तो बेन डकेट (149) इंग्लैंड की ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे, लेकिन जो रूट ने भी चौथी पारी में शानदार अर्धशतक जड़ते हुए महफिल लूट ली। जो रूट ने 84 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 53 रन बनाए। रूट ने विकेटकीपर-बल्लेबाज के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए शानदार 71 रनों की साझेदारी की।

पहले टेस्ट में बल्ले से कमाल करने के बाद जो रूट की कोशिश अब दूसरे टेस्ट में अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखने की होगी। भारत और इंग्लैंड 2 जुलाई से बर्मिंघम के एजबेस्टन में आमने-सामने होंगे। इस मैच में रूट के पास नया इतिहास रचने का मौका होगा।

भारत के खिलाफ बनेगा नया कीर्तिमान

दरअसल, रूट अगर दूसरे टेस्ट की दोनों पारियों में कुल मिलाकर 73 रन बनाने में कामयाब हो जाते हैं, तो वह भारत के खिलाफ टेस्ट में 3000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज ने भारत के खिलाफ 31 टेस्ट मैचों की 57 पारियों में 10 शतक और 12 अर्धशतक की मदद से 2927 रन बनाए हैं। भारत के खिलाफ उनका औसत 58.54 का है। बता दें, रूट टीम इंडिया के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने के मामले में भी शीर्ष पर हैं। उनके आसपास भी कोई और बल्लेबाज नहीं है। इससे पता चलता है कि रूट को भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाना कितना पसंद है।

टेस्ट में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

  • जो रूट - 2927
  • रिकी पोंटिंग - 2555
  • एलिस्टेयर कुक - 2431
  • स्टीव स्मिथ - 2356
  • क्लाइव लॉयड - 2344
  • जावेद मियांदाद - 2228

टेस्ट में रूट के आंकड़े शानदार 

जो रूट के टेस्ट करियर की बात की जाए तो टेस्ट में वह 5वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग, जैक कैलिस और राहुल द्रविड़ हैं। रूट ने 154 टेस्ट मैचों की 281 पारियों में 50.92 के औसत से 13087 रन बनाए हैं। उन्होंने 36 शतक और 66 अर्धशतक जड़े हैं। 

Latest Cricket News