इंग्लैंड का दिग्गज बल्लेबाज मैनचेस्टर में रचेगा इतिहास! सचिन और पोंटिंग ही रह जाएंगे फिर आगे
भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर में खेला जाएगा। 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में मेजबान इंग्लैंड की टीम 2-1 से आगे चल रही है।
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाएगा। सीरीज में फिलहाल मेजबान इंग्लैंड 2-1 से आगे है और अब उसकी नजरें चौथा मैच जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त बनाने पर होंगी। लेकिन इस मुकाबले में सिर्फ टीम इंडिया और इंग्लैंड की टक्कर ही नहीं, बल्कि एक बड़े व्यक्तिगत रिकॉर्ड पर भी सबकी निगाहें टिकी होंगी और वो हैं इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट।
रूट बना सकते हैं नया कीर्तिमान
दरअसल, जो रूट इस वक्त टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं। अब उनके पास राहुल द्रविड़ (13288 रन) और जैक कैलिस (13289 रन) को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका है। रूट के नाम फिलहाल 13259 टेस्ट रन दर्ज हैं। यानी, उन्हें सिर्फ 31 रनों की दरकार है और वे दोनों दिग्गजों को पछाड़कर इस सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच जाएंगे। इसके बाद उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर और रिकी पोंटिंग होंगे। इस सीरीज में रूट के पास पोंटिंग को भी पीछे छोड़ने का मौका होगा। इसके लिए उन्हें सिर्फ 120 रनों की दरकार है।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- सचिन तेंदुलकर (भारत) – 15921 रन
- रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) – 13378 रन
- जैक कैलिस (साउथ अफ्रीका) – 13289 रन
- राहुल द्रविड़ (भारत) – 13288 रन
- जो रूट (इंग्लैंड) – 13259 रन
रूट की शानदार फॉर्म जारी
5 मैचों की टेस्ट सीरीज में जो रूट का बल्ला लगातार रन उगल रहा है। उनका भारत के खिलाफ रिकॉर्ड भी शानदार है और मौजूदा सीरीज में भी उन्होंने कई बार इंग्लैंड को संकट से निकालकर मजबूत स्थिति में पहुंचाया है। तीन मैचों की 6 पारियों में अब तक वह 50 के औसत से 253 रन अपने नाम कर चुके हैं। इसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। मैनचेस्टर में होने वाले चौथे टेस्ट में रूट से फिर एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी। और हो सकता है, इस बार वो सिर्फ इंग्लैंड को सीरीज में बढ़त ही नहीं दिलाएं, बल्कि इतिहास के पन्नों में भी अपना नाम और ऊपर दर्ज करा लें। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या जो रूट इस मुकाबले में 31 रन बनाकर सचिन तेंदुलकर और रिकी पोंटिंग के और करीब पहुंच पाते हैं या नहीं।
