1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जोस बटलर की वापसी में लग सकता है वक्त, सर्जरी के बाद रिकवरी शुरू, ऑस्ट्रेलिया टूर और SA20 में खेलना मुश्किल

जोस बटलर की वापसी में लग सकता है वक्त, सर्जरी के बाद रिकवरी शुरू, ऑस्ट्रेलिया टूर और SA20 में खेलना मुश्किल

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जोस बटलर की सर्जरी हुई है, जिसकी तस्वीर उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की है।

Jos Buttler- India TV Hindi
Image Source : AFP जोस बटलर

इंग्लैंड के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। श्रीलंका के खिलाफ ODI सीरीज के दौरान बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के बाद उनकी सर्जरी हुई है। अब उनकी मैदान पर वापसी कब होगी, इसे लेकर कोई समयसीमा तय नहीं की गई है। इस चोट के कारण बटलर पाकिस्तान के खिलाफ आगामी ट्राई-सीरीज और नवंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले सीमित ओवरों के दौरे से बाहर रह सकते हैं। उनकी चोट का असर साउथ अफ्रीका की T20 लीग SA20 में खेलने की योजना पर भी पड़ सकता है।

36 साल के बटलर को 24 सितंबर को हेडिंग्ले में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे ODI मुकाबले के दौरान बल्लेबाजी करते समय चोट लगी थी। दर्द के कारण उन्हें पहले रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा, हालांकि कुछ देर बाद वह दोबारा बल्लेबाजी करने लौटे थे। बाद में उन्हें पाकिस्तान दौरे के लिए इंग्लैंड की टीम से बाहर कर दिया गया। नवंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले व्हाइट-बॉल दौरे के लिए भी उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है।

इंस्टाग्रम पर शेयर की तस्वीर

बटलर ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर अस्पताल से अपनी तस्वीर शेयर कर सर्जरी की जानकारी दी। तस्वीर में उनके बाएं पैर पर ब्रेस लगा हुआ था। उन्होंने लिखा- सर्जरी सफल रही और अब रिकवरी की राह पर हूं। वह पहले से कहीं ज्यादा प्रेरित महसूस कर रहे हैं। हालांकि, बटलर की वापसी में कितना समय लगेगा, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। उन्हें 17 जनवरी से शुरू होने वाली SA20 लीग में डरबन सुपर जायंट्स की ओर से खेलना था, लेकिन अब उनके इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

शानदार फॉर्म के बीच चोट ने रोकी रफ्तार

बटलर के लिए यह चोट ऐसे समय में आई है, जब वह इंग्लैंड के लिए सीमित ओवरों के क्रिकेट में अच्छी लय हासिल कर चुके थे। इस साल भारत में हुए T20 वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। उन्होंने इंग्लैंड के सेमीफाइनल तक के सफर में कुल 87 रन बनाए थे। हालांकि, इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की और 9 व्हाइट-बॉल इंटरनेशनल मुकाबलों में 466 रन बनाए।

श्रीलंका के खिलाफ जिस पारी के दौरान उन्हें चोट लगी, उसमें भी बटलर ने 49 गेंदों पर 69 रन बनाए थे। इस पारी में उन्होंने पांच छक्के लगाए थे। इसके अलावा, उन्होंने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की कप्तानी करते हुए द हंड्रेड का खिताब भी जीता। इसी अभियान के दौरान वह T20 क्रिकेट में 15000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले मेन्स बल्लेबाज बने थे। बटलर पिछले कुछ सालों से मांसपेशियों से जुड़ी चोटों से परेशान रहे हैं। उन्हें पहले पिंडली में चोट लग चुकी है और 2024 IPL के दौरान भी उनकी बाईं हैमस्ट्रिंग में इसी तरह की समस्या सामने आई थी। ऐसे में मौजूदा चोट से उबरने में लगने वाला समय इंग्लैंड की योजनाओं को प्रभावित कर सकता है।

यह भी पढ़ें:

अफगानिस्तान प्रीमियर लीग से पीछे हटे ओली पोप समेत 3 इंग्लिश क्रिकेटर, तालिबान विवाद बना वजह

विराट कोहली के खास क्लब में शामिल हुए अफगानिस्तान के रहमत शाह, कप्तानी डेब्यू पर बनाया बड़ा रिकॉर्ड

Latest Cricket News