साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने टेस्ट क्रिकेट में एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्होंने अपने घरेलू मैदानों पर टेस्ट मैचों में 200 विकेट पूरे कर लिए हैं। ऐसा करने वाले वे साउथ अफ्रीका के चौथे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह शानदार मुकाम सिर्फ डेल स्टेन (261 विकेट), मखाया एंटिनी (249 विकेट) और शॉन पोलॉक (235 विकेट) ही हासिल कर पाए थे। अब दिग्गजों की इस लिस्ट में उनका नाम भी शामिल हो गया है। रबाडा लंबे समय के बाद मैदान पर वापसी कर रहे हैं।
कगिसो रबाडा ने तोड़ा डेल स्टेन का रिकॉर्ड
इसके अलावा रबाडा सबसे कम गेंदों में अपने होमग्राउंड पर 200 टेस्ट विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उन्होंने सिर्फ 7017 गेंदों में ही टेस्ट क्रिकेट में अपने 200 विकेट पूरे किए हैं। इस मामले में उन्होंने महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन को भी पीछे छोड़ दिया है और टेस्ट इतिहास में सबसे कम गेंदों में यह मुकाम हासिल करने वाले गेंदबाज बन गए हैं। स्टेन ने होम ग्राउंड पर 7751 गेंदों में 200 टेस्ट विकेट पूरे किए थे। रबाडा की इस घातक गेंदबाजी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में से एक हैं।
पहली पारी में साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाजों ने बरपाया कहर
गकेरबाह में खेले जा रहे इस टेस्ट मैच में कगिसो रबाडा का प्रदर्शन पहली पारी में शानदार रहा। इस पारी में उन्होंने 12 ओवर में 33 रन खर्च करते हुए 2 विकेट निकाले। उन्होंने सलामी बल्लेबाज निक मैडिंसन और मिचेल स्टार्क को आउट किया। उनके साथी गेंदबाज मार्को यान्सेन ने इस मैच में 5 विकेट लिए। जबकि वियन मुल्डर भी दो विकेट लेने में कामयाब रहे। इनकी घातक गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम पहली पारी में सिर्फ 99 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
425 रन बनाकर साउथ अफ्रीका ने घोषित की पारी
साउथ अफ्रीका की टीम पहली पारी में 9 विकेट के नुकसान पर 425 रन बनाकर पारी घोषित की थी। कप्तान टेम्बा बावुमा ने इस दौरान टीम के लिए शानदार शतक लगाया। वह 334 गेंदों में 179 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने 18 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं मार्को यान्सेन ने 85 और साइमन हार्मर ने 82 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया को 99 रनों पर ऑलआउट करने के बाद साउथ अफ्रीका को 326 रनों की लीड मिली। इस मैच में अफ्रीकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को फॉलो ऑन दिया है।
यह भी पढ़ें
IPL में अमित मिश्रा की हुई घर वापसी, दिल्ली कैपिटल्स के लिए अब संभालेंगे स्पिन बॉलिंग कोच की कमान
स्टीव स्मिथ ने छुआ बड़ा मुकाम, टेस्ट क्रिकेट में पूरे किए 11 हजार रन, ऐसा करने वाले बने तीसरे खिलाड़ी
Latest Cricket News