Kagiso Rabada Viral Video: IPL 2026 के बीच एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। दावा किया जा रहा है कि गुजरात टाइटंस के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा होटल में सिगरेट पीते नजर आए। हालांकि, इस वीडियो की सच्चाई अभी तक साबित नहीं हो सकी है, लेकिन फैंस के बीच इसको लेकर बहस तेज हो गई है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक क्लिप में रबाडा जैसे दिखने वाले शख्स को सिगरेट पीते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो गुजरात टाइटंस के टीम होटल का हो सकता है, लेकिन इसकी लोकेशन और समय की पुष्टि नहीं हो पाई है। वीडियो में कुछ अन्य लोग भी नजर आ रहे हैं, जिन्हें टीम से जुड़ा बताया जा रहा है, मगर उनकी पहचान भी साफ नहीं हो सकी है। ऐसे में पूरे मामले को लेकर स्थिति अभी भी अस्पष्ट बनी हुई है।
गौरतलब है कि रबाडा इस सीजन में गुजरात टाइटंस के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं। वह पर्पल कैप की रेस में फिलहाल सातवें स्थान पर हैं और 6 मैचों में 10 विकेट ले चुके हैं। उनका औसत 22.20 और इकॉनमी रेट 9.73 रहा है।
पुराना विवाद भी आया चर्चा में
इस वीडियो के सामने आने के बाद रबाडा का पुराना अनुशासनात्मक रिकॉर्ड भी चर्चा में आ गया है। पिछले IPL सीजन में उन्हें साउथ अफ्रीकन इंस्टिट्यूट फॉर ड्रग फ्री स्पोर्ट्स (South African Institute for Drug Free Sports) द्वारा एक महीने का बैन झेलना पड़ा था। उस दौरान वह टूर्नामेंट बीच में छोड़कर गए थे और बाद में टीम से दोबारा जुड़े थे। हालांकि, डोपिंग मामले की पूरी जानकारी कभी सार्वजनिक नहीं की गई थी, जिससे अटकलों को हवा मिली थी।
फिलहाल गुजरात टाइटंस पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है और प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। टीम 24 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में अहम मुकाबला खेलेगी, जहां जीत हासिल कर टीम अपने अभियान को मजबूत करना चाहेगी।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
सीजन की शुरुआत में भी इसी तरह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें युजवेंद्र चहल को कथित तौर पर धूम्रपान करते और गाड़ी चलाते हुए दिखाया गया था। हालांकि, उस वीडियो की भी पुष्टि नहीं हो सकी थी, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर काफी आलोचना हुई थी।
यह भी पढ़ें:
ODI विश्व कप 2011 क्यों नहीं खेल पाए रोहित शर्मा, खुद सिलेक्टर ने कर दिया बड़ा खुलासा
VIDEO: बल्लेबाज के सिर में लगी बॉल, अस्पताल में भर्ती, क्रिकेट की खतरनाक पिच ने कर दिया कांड
Latest Cricket News