A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. KAR v JK, Ranji Trophy Final: पहले दिन का खेल हुआ खत्म, शुभम पुंडीर ने लगाया शतक, टीम बड़े स्कोर की तरफ

KAR v JK, Ranji Trophy Final: पहले दिन का खेल हुआ खत्म, शुभम पुंडीर ने लगाया शतक, टीम बड़े स्कोर की तरफ

KAR v JK LIVE: रणजी ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला हुबली में कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच खेला जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के पास पहली बार खिताब जीतने का शानदार मौका है।

KAR v JK- India TV Hindi
Image Source : PTI कर्नाटक बनाम जम्मू-कश्मीर

Karnataka vs Jammu and Kashmir Final LIVE, Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी फाइनल के पहले ही दिन जम्मू-कश्मीर ने दमदार शुरुआत कर खिताबी मुकाबले में अपना इरादा साफ कर दिया है। हुबली के मैदान पर आठ बार की चैंपियन कर्नाटक के खिलाफ टीम ने पहले दिन में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट के नुकसान पर 284 रन बना लिए हैं। अब जम्मू की टीम खेल के दूसरे दिन इसी बल्लेबाजी को जारी रखते हुए बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश करेगी।

रणजी ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की शुरुआत चुनौतीपूर्ण रही, लेकिन बल्लेबाजों ने धैर्य दिखाया।ओपनर कामरान इकबाल और यावर हसन ने नई गेंद के सामने संभलकर खेलना शुरू किया। कर्नाटक के तेज गेंदबाज विद्याधर पाटिल और वैशाख विजय कुमार ने शुरुआती ओवरों में अच्छी स्विंग और उछाल भरी गेंदों से बल्लेबाजों को परेशान किया। 
करीब 45 मिनट के खेल के बाद कर्नाटक को पहली सफलता मिली, जब प्रसिद्ध कृष्णा ने कामरान को अतिरिक्त उछाल पर फंसाया। गेंद दूसरे स्लिप में खड़े केएल राहुल के हाथों में गई।

इसके बाद यावर हसन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए खराब गेंदों को बाउंड्री तक पहुंचाया। दूसरे छोर से शुभम पुंडीर ने भी उनका शानदार साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 86 रनों की नाबाद साझेदारी कर टीम को मजबूती दी। यावर हसन ने 27वें ओवर में श्रेयस गोपाल की गेंद पर सिंगल लेकर अपना पहला फर्स्ट क्लास अर्धशतक पूरा किया। वहीं पुंडीर भी आत्मविश्वास से भरे नजर आए। उन्होंने इस मैच में धमाकेदार सेंचुरी ठोकी। दिन का खेल खत्म होने तक वह 221 बॉल में 117 रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं अब्दुल समद 52 रन बनाकर क्रीज पर उनका साथ दे रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर (प्लेइंग XI): कमरन इकबाल, यावर हसन, शुभम पुंडीर, पारस डोगरा (कप्तान), अब्दुल समद, कन्हैया वधावन (विकेटकीपर), आबिद मुश्ताक, औकिब नबी डार, युद्धवीर सिंह चरक, साहिल लोत्रा, सुनील कुमार।

कर्नाटक (प्लेइंग XI): केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), करुण नायर, स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, कृतिक कृष्णा (विकेटकीपर), विद्याधर पाटिल, विजयकुमार व्यशाक, शिखर शेट्टी, प्रसिद्ध कृष्णा।

 

Latest Cricket News