रणजी ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला केरल और विदर्भ के बीच नागपुर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। 2024-25 के घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले करुण नायर ने इस मैच की दोनों पारियों में जबरदस्त बल्लेबाजी की। विदर्भ के लिए खेलते हुए करुण नायर पहली पारी में शतक लगाने से चूक गए और 86 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि दूसरी पारी में उन्होंने कोई गलती नहीं की और शानदार शतक लगाकर अपने बेहतरीन फॉर्म को जारी रखा।
करुण नायर ने अनोखे अंदाज में मनाया जश्न
करुण नायर ने इस मैच की दूसरी पारी में 184 गेंदों में शतक पूरा किया, इस दौरान उन्होंने सात चौके और 2 छक्के लगाए। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह उनका 23वां शतक है। वहीं इस मुकाबले में शतक लगाने के बाद नायर ने अलग अंदाज में जश्न मनाया। उन्होंने दोनों हाथ की उंगलियों से 9 का इशारा किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। नायर ने सेंचुरी जड़ने के बाद 9 का इशारा इसीलिए क्योंकि वह घरेलू क्रिकेट के मौजूद सीजन में 9 शतक लगा चुके हैं। बता दें कि नायर 2017 से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए 6 टेस्ट और दो वनडे खेले हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए दोहरा शतक भी लगा चुके हैं।
2024-25 घरेलू सीजन में नायर के बल्ले से निकले हैं खूब रन
2024-25 के सीजन में घरेलू क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में 33 वर्षीय नायर के बल्ले से खूब रन निकले हैं। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में 9 मैचों में 389.5 की औसत से 779 रन बनाए थे। उस टूर्नामेंट में उन्होंने पांच शतक और एक अर्धशतक जड़ा था। उसके अलावा नायर ने टी20 फॉर्मेट में खेले जानी वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इस सीजन में 6 मैचों में 42.5 की औसत से 255 रन बनाए थे। उस टूर्नामेंट में उनके बल्ले से तीन अर्धशतकीय पारी निकली थी। वहीं, नायर ने जारी रणजी ट्रॉफी सीजन के 9 मैचों में 55 से ज्यादा की औसत से 800 से भी ज्यादा रन बनाए हैं, जिसमें चार शतकीय पारियां शामिल हैं।
रणजी ट्रॉफी 2024-25 फाइनल मैच का हाल
चौथे दिन का खेल विदर्भ की दूसरी पारी से के साथ शुरू हुआ। इस पारी में उनकी शुरुआत बेहद खराब रही। जलज सक्सेना ने पार्थ रेखाडे को 1 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। इसके बाद निधीश ने ध्रुव शोरे (5) को मोहम्मद अजहरुद्दीन के हाथों कैच कराया। विदर्भ सात रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा चुकी थी। उसके बाद एक बार फिर दानिश मालेवर और करुण नायर टीम के लिए संकटमोचक बने। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 182 रनों की मजबूत पार्टनरशिप हुई। दानिश मालेवर 162 गेंदों में 73 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इस दौरान उन्होंने पांच चौके लगाए। उनके अलावा यश राठोड़ ने 24 रन बनाए। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक करुण नायर 132 और अक्षय वाडकर चार रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। केरल के लिए अब तक निधीश, जलज, आदित्य और अक्षय ने एक-एक विकेट लिए हैं।
यह भी पढ़ें
सेमीफाइनल की चारों टीमें हुईं तय, इन टीमों का टूटा चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीतने का सपना
IND vs NZ: भारतीय बल्लेबाजों को स्पिनर्स से रहना होगा सावधान, इन आंकड़ों को देखकर चौंक जाएंगे आप
Latest Cricket News