A
Hindi News खेल क्रिकेट टीम इंडिया के इस​ खिलाड़ी के करियर पर सवालिया निशान, अचानक कर लिया गया ऐसा फैसला

टीम इंडिया के इस​ खिलाड़ी के करियर पर सवालिया निशान, अचानक कर लिया गया ऐसा फैसला

IND vs ENG: मैनचेस्टर टेस्ट के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने तीन बदलाव प्लेइंग इलेवन में किए हैं। इसमें से एक नाम चौंकाने वाला है।

indian cricket team- India TV Hindi Image Source : GETTY भारतीय क्रिकेट टीम

India vs England: भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला शुरू हो चुका है। इस मैच में एक बार फिर से भारतीय कप्तान शुभमन गिल टॉस हार गए और बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। शुभमन गिल लगातार चौथे टेस्ट में कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन एक भी बार वे टॉस अपने नाम नहीं कर पाए हैं। इस बीच जब टीम इंडिया के कप्तान ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान किया तो सभी लोग चौंक गए। जिस खिलाड़ी की एक दिन पहले तक शुभमन गिल तारीफ कर रहे थे, उसे अचानक प्लेइंग इलेवन से ​बाहर कर दिया गया। इससे अब उस खिलाड़ी के करियर पर ही सवालिया निशान लग गया है।

टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में किए गए हैं तीन बदलाव

मैनचेस्टर में खेले जा रहे चौथे टेस्ट में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए गए हैं। चोटिल आकाश दीप की जगह अंशुल कम्बोज को टेस्ट डेब्यू का मौका दिया गया है। नितीश कुमार रेड्डी भी चोटिल हैं और उनकी जगह शार्दुल ठाकुर की एक बार फिर से वापसी हो गई है। वहीं करुण नायर को बाहर का रास्ता दिखाकर साई सुदर्शन का कमबैक कराया गया है। हालांकि पहले जो दो बदलाव हैं, वो तो करने ही पड़ते, लेकिन तीसरे बदलाव की जरूरत क्यों पड़ी ये समझ से परे है। 

एक दिन पहले तक गिल कर रहे थे नायर की ​तारीफ

भारत बनाम इंग्लैंड चौथे टेस्ट से एक दिन पहले ही जब शुभमन गिल मीडिया से बात कर रहे थे, तब कप्तान ने करुण नायर को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा था कि करुण अच्छा खेल रहे हैं, अक्सर ऐसा होता है कि कोई बल्लेबाज क्लिक नहीं करता। लेकिन उन्हें उम्मीद है कि उनके बल्ले से रन आएंगे। इसके बाद ये उम्मीद जताई जा रही थी कि करुण नायर को चौथा मौका भी दिया जाएगा। भले ही उनके बल्ले से रन ना आ रहे हों, लेकिन करुण को पर्याप्त वक्त दिया जाएगा। लेकिन बुधवार को जब शुभमन गिल ने प्लेइंग इलेवन बताई तो कहानी कुछ और ही सामने आई। 

साई ने बना दिए ​रन तो फिर करुण का फंसेगा मामला

करुण नायर ने साल 2016 में ही अपना डेब्यू किया था। इसे बाद साल 2017 में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ तिहरा शतक ठोक दिया था। लेकिन उसके बाद उनका बल्ला पूरी तरह से खामोश रहा। कुछ ही वक्त बाद उनकी टीम से छुट्टी भी हो गई। करीब आठ साल करुण नायर फिर से टीम इंडिया में वापसी करने में कामयाब तो रहे, लेकिन अपनी उपयोगिता साबित नहीं कर पाए। ऐसे में अब सवाल ये भी है कि क्या करुण नायर को अब और भी आगे मौके दिए जाएंगे। फिलहाल तो साई सुदर्शन तीसरे नंबर पर उनकी जगह आए हैं, अगर साई ने रन बना दिए तो फिर करुण के लिए मुश्किल होगी, ये तो पक्का सा लग रहा है। हां, अगर साई भी नहीं चले तो बात अलग है। 

Latest Cricket News