सनराइजर्स हैदराबाद टीम ने आईपीएल 2026 में लीग स्टेज का अंत 18 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर खत्म करते हुए किया। हैदराबाद ने 22 मई को अपने होम ग्राउंड पर डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के खिलाफ मुकाबला खेला जिसे वह 55 रनों से जीतने में तो कामयाब रहे लेकिन टॉप-2 में खत्म नहीं कर पाए। वहीं इस मैच के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद टीम की मालकिन काव्या मारन का सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वह क्रुणाल पांड्या के गेंदबाजी एक्शन को लेकर थोड़ा खफा नजर आ रही हैं और इस दौरान स्टैंड्स में अपने आसपास के लोगों से सवाल भी पूछ रही हैं।
काव्या ने इशारे में पूछा क्या यह चकिंग है?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद वह 20 ओवर्स में 255 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही। इसी दौरान जब हैदराबाद की बल्लेबाजी कर रही थी तो आरसीबी की तरफ से गेंदबाजी कर रहे स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी क्रुणाल पांड्या ने एक तेज बाउंसर गेंद फेंकी। इसी दौरान स्टैंड्स में बैठीं काव्या मारन इस गेंद को देखकर थोड़ा हैरान हुई और बॉलिंग एक्शन को लेकर अपने आसपास मौजूद लोगों से सवाल पूछने लगी। काव्या ने क्रुणाल के एक्शन की नकल करते हुए पीछे मुड़ी और वहां बैठे बाकी अन्य लोगों की तरफ इशारे से पूछा कि क्या यह चकिंग है? वहीं इसके बाद वह निराशा में अपने सिर को हिलाते हुए भी दिखीं।
अब एलिमिनेटर मुकाबले पर हैदराबाद की नजरें
आईपीएल 2026 के लिए प्लेऑफ में पहुंचने वाली अब तक तीन टीमों का फैसला हो चुका है जिसमें 26 मई को क्वालीफायर-1 मुकाबला धर्मशाला के स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस की टीम के बीच में खेला जाएगा। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद को लेकर बात की जाए तो वह 27 मई को मुल्लांपुर के स्टेडियम में एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी, लेकिन उसकी किस टीम से भिड़ंत होगी इसका फैसला अभी होना बाकी है, जिसके लिए कुल चार टीमें रेस में बनी हुई हैं। इस सीजन हैदराबाद को प्लेऑफ तक पहुंचाने में तीन प्लेयर्स ने काफी अहम भूमिका अदा की है जिसमें ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन और अभिषेक शर्मा का नाम शामिल है।
ये भी पढ़ें
पंजाब किंग्स के लिए आई राहत भरी खबर, मैच से पहले LSG को लगा तगड़ा झटका
ऑरेंज कैप की रेस में कांटे की टक्कर, क्लासेन ने लगाई बड़ी छलांग, ईशान किशन भी टॉप-5 में पहुंचे
Latest Cricket News