A
Hindi News खेल क्रिकेट तीसरे दिन खलील अहमद की घातक गेंदबाजी, मेजबान इंग्लैंड की हालत खराब

तीसरे दिन खलील अहमद की घातक गेंदबाजी, मेजबान इंग्लैंड की हालत खराब

खलील अहमद के चार विकेट से भारत ए ने रविवार को दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के तीसरे दिन लंच तक इंग्लैंड लॉयन्स का स्कोर आठ विकेट पर 266 रन कर दिया।

ind vs eng- India TV Hindi Image Source : BCCI इंग्लैंड लॉयन्स बनाम भारत-ए

भारत ए और इंग्लैंड लॉयन्स के बीच खेले जा रहे दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय गेंदबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया। खासकर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने कहर बरपाते हुए इंग्लैंड लॉयन्स की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी। लंच तक इंग्लैंड की टीम ने आठ विकेट पर 266 रन बना लिए थे। हालांकि, इसके बाद जोश टंग ने एडवर्ड जैक के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन आखिरकार पूरी टीम 89 ओवर में 327 रन पर सिमट गई। जोश टंग 36 रन बनाकर नाबाद लौटे।  इंग्लैंड लॉयन्स अब भी भारत ए के पहली पारी के 348 रन के स्कोर से 21 रन पीछे है। 

सुबह का सत्र इंग्लैंड के लिए बना सिरदर्द

इंग्लैंड लॉयन्स ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 192 रन से की थी। लेकिन सुबह के सत्र में उन्होंने महज 10 रन के भीतर अपने चार विकेट गंवा दिए। पहले जॉर्डन कॉक्स (45) ने कुछ अच्छे शॉट खेले, लेकिन खलील अहमद ने उन्हें विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराकर अर्धशतक तक नहीं पहुंचने दिया।

इसके बाद खलील ने अपने अगले ओवर में कप्तान जेम्स रेव (10) को करुण नायर के हाथों कैच कराया और अगली ही गेंद पर जॉर्ज हिल (0) को यॉर्कर पर बोल्ड कर दिया। खलील यहीं नहीं रुके — उन्होंने अगले ही ओवर में क्रिस वोक्स (5) को भी विकेट के पीछे कैच करा लिया।

तुषार देशपांडे का भी मिला साथ

तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 62 रन देकर दो विकेट चटकाए। उन्होंने मैक्स होल्डन (7) को बोल्ड कर इंग्लैंड की मुश्किलें और बढ़ा दीं। एक छोर से लगातार विकेट गिरने के बाद फरहान अहमद (12 रन) और जोश टंग (14 रन) ने संभलकर बल्लेबाजी की और लंच तक टीम को और झटके नहीं लगने दिए।

दिन का खेल खत्म होने तक खलील अहमद ने 17 ओवर में 55 रन देकर चार विकेट झटके। उनकी सटीक और स्विंग गेंदबाजी ने इंग्लिश बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। तीसरे दिन इंग्लैंड लॉयन्स को 327 रनों पर ढेर करने के बाद अब भारत ए के पास बड़ी बढ़त बनाने का शानदार मौका है। इस मैच के बीच भारतीय टीम इंग्लैंड पहुंच चुकी है और प्रैक्टिस चालू कर दी है।

(PTI Inputs)

Latest Cricket News