Kieron Pollard: कायरन पोलार्ड का कहर एक बार फिर गेंदबाजों पर बरपा। उन्होंने एक के बाद एक छक्कों की झड़ी सी लगा दी। खास बात ये रही कि उन्होंने आठ बॉल पर सात छक्के ठोक दिए। पोलार्ड ने जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाने का सिलसिला जारी रखा। एक वक्त तो लग रहा था कि गेंदबाज पोलार्ड को गेंदबाजी करने से ही इन्कार कर देंगे।
ट्रिनबागो नाइट राइडर्स और सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के बीच खेला गया मुकाबला
कैरेबियन प्रीमियर लीग में सोमवार रात कायरन पोलार्ड ने गजब की बल्लेबाजी की। मुकाबला ट्रिनबागो नाइट राइडर्स और सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के बीच था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 179 रन बना दिए। इसमें सबसे बड़ा योगदान कायरन पोलार्ड का रहा, जिन्होंने तूफानी तरीके से रन बनाए।
पोलार्ड ने केवल 29 बॉल पर बनाए 65 रन
कायरन पोलार्ड ने केवल 29 बॉल पर ही 65 रन ठोक दिए। इस दौरान उनके बल्ले से केवल दो चौके आए और उन्होंने आठ छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 224.14 का रहा। उनके अलावा निकोलस पूरन ने भी तेजी से रन बनाए। उन्होंने 38 बॉल पर 52 रन बना दिए। आखिर के ओवर्स में बल्लेबाजी के लिए उतरे आंद्रे रसेल ने 5 बॉल पर 10 रन की एक छोटी पारी खेली। इसमें एक चौका एक और छक्का शामिल रहा।
अब कम ही लीग खेलते हैं पोलार्ड
कायरन पोलार्ड अब वेस्टइंडीज के लिए तो नहीं ही खेल रहे हैं, आईपीएल से भी वे रिटायरमेंट का ऐलान कर चुके हैं। हालांकि मुंबई इंडियंस की टीम ने उन्हें अपना बल्लेबाजी कोच जरूर बना रखा है। लेकिन पोलार्ड को जब भी मौका मिलता है, वे बल्लेबाजी करते हैं और ये बताने की कोशिश भी करते हैं कि उनके अंदर रनों की अभी भी भूख है और इसे वे अक्सर शांत करते रहते हैं।
अंक तालिका में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की टीम पहले नंबर पर
कैरेबियन प्रीमियर लीग के अभी कई मैच बाकी हैं और आने वाले वक्त में पोलार्ड की ओर से कुछ और विस्फोटक पारियां देखने के लिए मिलें तो कोई ताज्जुब की बात नहीं है। अभी ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की टीम ही अंक तालिका में सबसे आगे चल रही है। इस टीम की कप्तानी निकोलस पूरन ही कर रहे हैं। देखना होगा कि इस बार यही टीम विजेता बनेगी, वैसे अभी तक के टूर्नामेंट को देखें तो दावेदारी तो ये टीम काफी मजबूती के साथ पेश कर रही है।
Latest Cricket News