1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पोलार्ड बन गए अपनी टीम के लिए सबसे बड़े विलेन, एक ओवर में खाए 4 छक्के और लुटा दिए इतने रन

पोलार्ड बन गए अपनी टीम के लिए सबसे बड़े विलेन, एक ओवर में खाए 4 छक्के और लुटा दिए इतने रन

कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 के 28वें मुकाबले में कीरोन पोलार्ड अपनी टीम ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए विलेन बन गए। इस मैच में उनकी टीम को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

Kieron Pollard- India TV Hindi
Image Source : PTI कायरन पोलार्ड

कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2025 का 28वां मैच बारबाडोस रॉयल्स और ट्रिनबागो नाइट राइडर्स (TKR) के बीच 13 सितंबर को खेला गया जहां बारबाडोस की टीम ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में ट्रिनबागो के स्टार ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड अपनी टीम के लिए सबसे विलेन बन गए। इस मैच में उनकी खराब गेंदबाजी की वजह से हार का सामना करना पड़ा। पोलार्ड से मैच के अंतिम ओवरों में टीम को उम्मीदें थी लेकिन वहां वह काफी महंगे साबित हुए, जिस वजह से उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा।

निकोलस पूरन ने खेली धीमी पारी

मुकाबले की बात करें तो पहली पारी में ट्रिनबागो ने 166 रन बनाए। टीम के कप्तान पूरन ने 44 गेंदों पर 45 रनों की धीमी पारी खेली, हालांकि उनकी इसी पारी के बदौलत टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। लक्ष्य का पीछा करते हुए बारबाडोस रॉयल्स की शुरुआत शानदार रही। विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने सिर्फ 35 गेंदों पर 55 रन बनाकर टीम के लिए जीत लगभग पक्की कर दी।

19वें ओवर में महंगे साबित हुए पोलार्ड

ट्रिनबागो के गेंदबाज उस्मान तारिक ने शानदार गेंदबाजी करके मैच में अपनी टीम की वापसी करवाई। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 2 विकेट लिए। आखिरी दो ओवरों में रॉयल्स को 21 रन की जरूरत थी। कप्तान पूरन ने 19वां ओवर डालने के लिए अपने सबसे अनुभवी खिलाड़ी पोलार्ड को गेंद सौंपी, लेकिन उनका ये फैसला गलत साबित हो गया। उस ओवर में उन्होंने चार छक्के सहित कुल 26 रन खर्च कर दिए और उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा।

रदरफोर्ड ने लगाए तीन छक्के

19वें ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर शेरफेन रदरफोर्ड ने तीन छक्के लगाए और मैच को पूरी तरह से एकतरफा बना दिया। पहले उन्होंने डीप एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से छक्का जड़ा, फिर आगे बढ़कर फाइन लेग की दिशा में गेंद को भेजा और तीसरी गेंद पर फुलटॉस को मैदान से बाहर मार दिया। इस ओवर में कुल 26 रन आए और नाइट राइडर्स को हार का सामना करना पड़ा। बारबाडोस ने आखिरकार मैच को 7 विकेट से जीत लिया। पोलार्ड ने 4 ओवर में 43 रन लुटाए और इस दौरान उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला।

तीन टीमें पहुंच चुकी हैं CPL 2025 के प्लेऑफ में

आपको बता दें कि जारी सीजन में 3 टीमें पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। सेंट लुसिया किंग्स, ट्रिनबागो नाइट राइडर्स और एंटीगुआ एंड बारबुडा फालकन्स पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी हैं। वहीं आखिरी की एक जगह के लिए गुयाना और सेंट किट्स के बीच रेस जारी है।

Latest Cricket News