1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. KKR vs LSG: लखनऊ ने रोमांचक मुकाबले में केकेआर को दी 3 विकेट से मात, 21 साल के मुकुल चौधरी बने जीत के हीरो

KKR vs LSG: लखनऊ ने रोमांचक मुकाबले में केकेआर को दी 3 विकेट से मात, 21 साल के मुकुल चौधरी बने जीत के हीरो

KKR vs LSG IPL 2026: लखनऊ सुपर जाएंट्स ने केकेआर के खिलाफ आईपीएल 2026 के मुकाबले को तीन विकेट से अपने नाम करने के साथ दूसरी जीत हासिल की है। इस मैच में लखनऊ को जीत दिलाने में 21 साल के मुकुल चौधरी ने अहम भूमिका अदा की।

कोलकाता नाइट राइडर्स...- India TV Hindi
Image Source : AFP कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स, मैच हाइलाइट्स

KKR vs LSG: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 15वां लीग मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम के बीच में खेला गाय, जिसमें मुकाबले का परिणाम आखिरी गेंद पर जाकर हासिल हुआ। लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम इस मुकाबले को तीन विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही जिसमें उनको जीत दिलाने में 21 साल के युवा खिलाड़ी मुकुल चौधरी ने बल्ले से अहम भूमिका अदा की। इस मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लेने में बिल्कुल भी देरी नहीं लगाई थी। कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 4 विकेट के नुकसान पर 181 रनों का स्कोर बनाया। केकेआर की तरफ से बल्लेबाजी में अंगकृष रघुवंशी ने 45 जबकि अजिंक्य रहाणे ने 41 रनों की पारी खेली, इसके अलावा कैमरन ग्रीन ने 32 और रोवमन पावेल ने नाबाद 39 रन बनाए। लखनऊ की तरफ से गेंदबाजी में प्रिंस यादव, एम सिदार्ध, दिग्वेश राठी और आवेश खान ने 1-1 विकेट हासिल किया था।

टारगेट का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें उन्होंने 104 के स्कोर तक अपनी आधी टीम को गंवा दिया था, वहीं 128 के स्कोर तक उनके 7 विकेट हो गए थे। इसके बाद 21 साल के युवा खिलाड़ी मुकुल चौधरी ने 27 गेंदों में 54 रनों की नाबाद पारी खेलने के साथ अपनी टीम को एक रोमांचक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मुकुल चौधरी ने अपनी इस पारी में 2 चौके और 7 छक्के लगाए। लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए इसके अलावा आयुष बदोनी ने भी 54 रनों की पारी खेली। केकेआर की ये इस सीजन में चार मुकाबलों के बाद तीसरी हार है, जिसमें वह अब तक एक भी मैच जीतने में कामयाब नहीं हो सके हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए इस मैच में गेंदबाजी से वैभव अरोड़ा और अनुकूल रॉय ने 2-2 विकेट हासिल किए जबकि सुनील नरेन, कार्तिक त्यागी और कैमरून ग्रीन 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।

यहां पर देखिए इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11

कोलकाता नाइट राइडर्स - अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रोवमन पॉवेल, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, नवदीप सैनी, कार्तिक त्यागी।

लखनऊ सुपर जाएंट्स - मिचेल मार्श, एडन माक्ररम, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, एम सिद्धार्थ, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी, प्रिंस यादव।

दोनों टीमों के इम्पैक्ट प्लेयर्स लिस्ट

केकेआर - मनीष पांडे, वैभव अरोड़ा, तेजस्वी दहिया, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट।

एलएसजी - आयुष बडोनी, मैथ्यू ब्रीट्जके, शाहबाज अहमद, मयंक यादव, हिम्मत सिंह।

Latest Cricket News