1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. केएल, सिराज और पडिक्कल का दलीप ट्रॉफी फाइनल में दिखेगा जलवा! वैभव और ईशान पर सस्पेंस बरकरार

केएल, सिराज और पडिक्कल का दलीप ट्रॉफी फाइनल में दिखेगा जलवा! वैभव और ईशान पर सस्पेंस बरकरार

चेन्नई में 6 सितंबर से शुरू हो रहे दलीप ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले के लिए मंच पूरी तरह से तैयार हैं। इससे पहले एक बड़ी खबर सामने आई है।

Duleep Trophy- India TV Hindi
Image Source : AFP केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल

चेन्नई में 6 सितंबर से शुरू हो रहे दलीप ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले के लिए मंच पूरी तरह तैयार है। साउथ जोन और ईस्ट जोन के बीच होने वाले इस बड़े मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। नेशनल सिलेक्टर्स के निर्देश के बाद भारतीय ओपनर केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल और अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का साउथ जोन के लिए दलीप ट्रॉफी फाइनल खेलना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि, नजरें इस बात पर भी टिकी हैं कि क्या भारत की T20 टीम का हिस्सा कप्तान तिलक वर्मा, वैभव सूर्यवंशी और विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन भी इस ऐतिहासिक मुकाबले में शिरकत करेंगे या नहीं।

राहुल-सिराज के पास मैच प्रैक्टिस का शानदार मौका

PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, जो भी खिलाड़ी इस वक्त खाली हैं, वो रेड बॉल के इस घरेलू मैच में उतर सकते हैं। राहुल, सिराज और पडिक्कल ने आखिरी बार 27 अगस्त को प्रतिस्पर्धी मैच खेला था। इसके बाद राहुल और सिराज को सीधे 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली ODI सीरीज में ही उतरना है। वहीं दूसरी ओर, पडिक्कल ODI टीम का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए उन्हें बाद में इंडिया-ए सीरीज में भी आजमाया जा सकता है। ऐसे में BCCI सूत्रों का कहना है कि खाली बैठने के बजाय इन दिग्गज खिलाड़ियों को दलीप ट्रॉफी का फाइनल खेलना चाहिए ताकि वे पूरी तरह से तैयार रहें।

जहां अनुभवी खिलाड़ियों का खेलना लगभग तय है, वहीं तिलक वर्मा, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी की किस्मत का फैसला पूरी तरह कोच के हाथ में है। भारतीय T20 टीम को 9 या 10 सितंबर को दिल्ली में रिपोर्ट करना है। BCCI के एक सूत्र ने बताया कि अगर कोच चाहते हैं कि यह तीनों खिलाड़ी T20 शेड्यूल के हिसाब से ही दिल्ली पहुंचे, तो वे फाइनल नहीं खेल पाएंगे। लेकिन अगर उन्हें इजाजत मिल जाती है, तो ये तीनों खिलाड़ी दलीप ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला खेलकर 10 सितंबर की देर शाम तक दिल्ली में टीम के साथ जुड़ सकते हैं।

चेन्नई पहुंचेंगे चीफ सिलेक्टर

एक तरफ जहां BCCI की हालिया रिव्यू मीटिंग से पारिवारिक कारणों के चलते दूर रहने के बाद अजीत अगरकर के कॉन्ट्रैक्ट एक्सटेंशन को लेकर कयासबाजी जारी है, वहीं दूसरी तरफ चीफ सिलेक्टर खुद इस फाइनल का लुत्फ उठाने चेन्नई पहुंच रहे हैं। अगरकर का मौजूदा कार्यकाल 4 अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। ऐसे में यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि क्या BCCI सचिव देवाजीत सैकिया के साथ अगरकर की उनके कार्यकाल विस्तार पर कोई बातचीत होती है या नहीं।

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें:

IPL 2027 से पहले एमएस धोनी को लेकर आया बड़ा अपडेट, इम्पैक्ट प्लेयर नहीं बनेंगे

वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा एक और मौका, दो मैचों में लगा सके हैं केवल एक हाफ सेंचुरी

Latest Cricket News