1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. केएल राहुल ने तीसरे वनडे में लगाया तूफानी शतक, इंटरनेशनल क्रिकेट में पूरे किए 10 हजार रन

केएल राहुल ने तीसरे वनडे में लगाया तूफानी शतक, इंटरनेशनल क्रिकेट में पूरे किए 10 हजार रन

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मैच में केएल राहुल ने दमदार खेल दिखाते हुए 80 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वनडे क्रिकेट में राहुल का यह 9वां शतक है। राहुल ने अंत तक नाबाद रहते हुए 129 रन बनाए।

KL Rahul- India TV Hindi
Image Source : AFP केएल राहुल

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया। उन्होंने इस मैच में 80 गेंदों में शतक लगाया। यह वनडे क्रिकेट में केएल राहुल का 9वां शतक है। इस मुकाबले में राहुल बहुत मुश्किल समय में बल्लेबाजी करने आए थे, लेकिन उन्होंने शानदार शतक बनाकर टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया। शतक बनाने के बाद उन्होंने और तेजी से रन बनाना शुरू किया और टीम इंडिया के स्कोर को 351 रन तक ले गए। यह राहुल का वनडे क्रिकेट में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है और उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 10000 रन भी पूरे कर लिए।

129 रन बनाकर नाबाद लौटे केएल राहुल

केएल राहुल 87 गेंदों में 129 रन बनाकर नाबाद लौटे। अपनी इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 6 छक्के लगाए। राहुल जब पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए, तब भारत की हालत थोड़ी नाज़ुक थी और 141 रन पर 3 विकेट गिर चुके थे। मैच में अभी 25 ओवर बचे थे, इसलिए राहुल ने समझदारी से धीरे-धीरे खेलना शुरू किया। एक तरफ से बाकी खिलाड़ी आउट होकर पवेलियन लौटते रहे, लेकिन राहुल मैदान पर डटे रहे। आखिरी के 5 ओवरों में उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी की और टीम का स्कोर 350 के पार पहुंचा दिया। उन्होंने 8वें विकेट के लिए गुरनूर ब्रार के साथ मिलकर 61 रनों की साझेदारी की, जिसमें गुरनूर ने सिर्फ 8 रन का योगदान दिया।

केएल राहुल ने लगाया दूसरा सबसे तेज शतक

केएल राहुल ने 80 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की, जो वनडे क्रिकेट में उनका दूसरा सबसे तेज शतक है। उनका सबसे तेज शतक 2023 वर्ल्ड कप के दौरान बेंगलुरु में नीदरलैंड्स के खिलाफ आया था, जहां उन्होंने सिर्फ 62 गेंदों में शतक ठोका था। इसके अलावा, नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए राहुल वनडे में तीसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे आगे सिर्फ युवराज सिंह (139 रन, बनाम ऑस्ट्रेलिया - 2004) और महेंद्र सिंह धोनी (134 रन, बनाम इंग्लैंड - 2017) हैं।

भारत के लिए पांचवें नंबर पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज

  • 139: युवराज सिंह बनाम ऑस्ट्रेलिया सिडनी 2004
  • 134: एमएस धोनी बनाम इंग्लैंड कटक 2017
  • 129*: केएल राहुल बनाम वेस्टइंडीज न्यू चंडीगढ़ 2026
  • 124: एमएस धोनी बनाम ऑस्ट्रेलिया नागपुर 2009

2014 में राहुल ने की थी इंटरनेशनल करियर की शुरुआत

केएल राहुल ने साल 2014 में अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। अब वे भारत की तरफ से खेलते हुए 10000 इंटरनेशनल रन पूरे करने वाले 15वें बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह मुकाम 243 मैचों की 281 पारियों में हासिल किया है और इस दौरान उनके बल्ले से कुल 23 शतक निकले हैं। अगर अलग-अलग फॉर्मेट की बात करें, तो उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 122 पारियों में लगभग 36 के औसत से 4288 रन बनाए हैं, जबकि टी-20 इंटरनेशनल में उनके नाम 2265 रन दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें

रोहित शर्मा ने ध्वस्त किया ​सचिन तेंदुलकर का 22 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड, 10 हजार रन बनाने वाले दुनिया के चौथे ओपनर

हिटमैन एक और सेंचुरी से चूके, करीब सात साल बाद रोहित शर्मा के साथ हो गया धोखा

Latest Cricket News