A
Hindi News खेल क्रिकेट क्रैग ब्रैथवेट ने दिग्गजों के क्लब में बनाई जगह, सबसे कम उम्र में ऐसा करने वाले बने वेस्टइंडीज के दूसरे खिलाड़ी

क्रैग ब्रैथवेट ने दिग्गजों के क्लब में बनाई जगह, सबसे कम उम्र में ऐसा करने वाले बने वेस्टइंडीज के दूसरे खिलाड़ी

एक तरफ जहां भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट बर्मिंघम में खेला जा रहा है। वहीं, दूसरी तरफ, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज का ग्रेनाडा में दूसरे टेस्ट में आमना-सामना हो रहा है।

Kraigg Brathwaite- India TV Hindi Image Source : GETTY क्रैग ब्रैथवेट

WI vs AUS, 2nd Test: वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 जुलाई से ग्रेनाडा में टेस्ट मैच का आगाज हुआ। 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का यह दूसरा मैच है, जिसमें वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज क्रेग ब्रैथवेट ने शिरकत करने के साथ ही बड़ा मुकाम हासिल कर लिया। क्रेग ब्रैथवेट दिग्गजों के क्लब में शामिल हो गए हैं। दरअसल,  क्रेग ब्रैथवेट 100 टेस्ट मैच खेलने वाले वेस्टइंडीज के महज 10वें खिलाड़ी बन गए हैं। सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों की सूची में शिवनारायण चंद्रपॉल सबसे ऊपर हैं, जिन्होंने 1994 से 2015 के बीच 164 टेस्ट खेले। उनके बाद दिग्गज तेज गेंदबाज कर्टनी वॉल्श (132 मैच) और दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा (130 मैच) और सर विवियन रिचर्ड्स (121 मैच) का नाम आता है।

साल 2011 में टेस्ट डेब्यू करने वाले ब्रैथवेट ने अपने करियर में अब तक 5943 रन बनाए हैं, जिसमें 12 शतक और 31 अर्धशतक शामिल है। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 32.83 है। उनका हाईएस्ट स्कोर 212 रन है। बल्लेबाजी के अलावा गेंदबाजी में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई है और 29 विकेट अपने नाम किए हैं। इसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 29 रन देकर 6 विकेट रहा है।

वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले खिलाड़ी

  • शिवनारायण चंद्रपॉल - 164
  • कोर्टनी वॉल्श - 132
  • ब्रायन लारा - 130
  • विव रिचर्ड्स - 121
  • डेसमंड हेन्स - 116
  • क्लाइव लॉयड - 110
  • कथबर्ट ग्रीनिज - 108
  • क्रिस गेल - 103
  • कार्ल हूपर - 102
  • क्रेग ब्रैथवेट - 100

क्रेग ब्रैथवेट ने 32 साल और 214 दिन की उम्र में 100 टेस्ट मैच खेलने का बड़ा कारनामा किया। इस तरह वह 100 टेस्ट मैच खेलने वाले वेस्टइंडीज के दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उनसे आगे सिर्फ शिवनारायण चंद्रपॉल हैं, जिन्होंने 32 साल और 95 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।

क्रैग ब्रैथवेट ने इसी साल छोड़ी कप्तानी

क्रैग ब्रैथवेट ने इस साल की शुरुआत में टेस्ट कप्तानी छोड़ दी थी। उनकी जगह रोस्टन चेस को टीम में शामिल किया गया। 32 साल के ऑलराउंडर ने 2016 में अपने डेब्यू के बाद से 49 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 2000 से ज्यादा रन बनाए हैं और 85 विकेट लिए हैं। अब देखना होगा कि चेज की कप्तानी में वेस्टइंडीज की टीम दूसरे टेस्ट में पलटवार कर पाती है या नहीं।

Latest Cricket News