लखनऊ में कुलदीप यादव-वंशिका का ग्रैंड रिसेप्शन, क्रिकेट सितारों का लगा जमावड़ा
टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव हाल ही में वंशिका के साथ मसूरी में शादी के बंधन में बंधे थे। इस शादी के बाद लखनऊ में रिसेप्शन का आयोजन किया गया, जिसमें क्रिकेट जगत के कई सितारों ने शिरकत की।
Kuldeep Yadav grand reception in Lucknow: टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव और वंशिका की शादी के बाद लखनऊ में आयोजित ग्रैंड रिसेप्शन चर्चा का केंद्र बन गया। इस खास मौके पर क्रिकेट और राजनीति की कई बड़ी हस्तियां एक ही छत के नीचे नजर आईं, जिससे यह आयोजन एक हाई-प्रोफाइल इवेंट में बदल गया। कुलदीप और वंशिका के रिसेप्शन की फोटो और वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
मसूरी में रचाई शादी
दरअसल, कुलदीप यादव ने 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ मसूरी में बेहद निजी माहौल में शादी रचाई थी। इस समारोह में सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। शादी के बाद राजधानी लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन रखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में मेहमानों ने शिरकत की। रिसेप्शन की सबसे खास बात रही दूल्हे की शानदार एंट्री। कुलदीप यादव 1960 की एक क्लासिक विंटेज कार में पहुंचे। उनकी इस अनोखी एंट्री ने समारोह को शाही अंदाज दे दिया और हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
क्रिकेट सितारों का लगा जमघट
क्रिकेट जगत की बात करें तो इस समारोह में कई बड़े नाम शामिल हुए। युवा स्टार यशस्वी जायसवाल, पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा अपनी पत्नियों के साथ पहुंचे। मेहमानों का स्वागत फूलों की बारिश के साथ किया गया, जिसने पूरे माहौल को और भी खास और भव्य बना दिया।
सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि राजनीति की दुनिया से भी कई बड़े चेहरे इस जश्न का हिस्सा बने। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। कुल मिलाकर यह रिसेप्शन सिर्फ एक शादी का जश्न नहीं रहा, बल्कि यह एक ऐसा मंच बन गया जहां खेल और राजनीति की दुनिया का अनोखा संगम देखने को मिला। भव्य आयोजन, खास मेहमान और शाही अंदाज, इन सबने मिलकर इस शाम को यादगार बना दिया।
गौरतलब है कि कुलदीप यादव टीम इंडिया के अहम सदस्य है। हाल ही में टीम इंडिया ने अहमदाबाद में T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता था। इस टूर्नामेंट में कुलदीप यादव ने भी शिरकत की थी। हालांकि, फाइनल मैच में उन्हें मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला।
यह भी पढ़ें:
भुवनेश्वर कुमार सिर्फ 2 विकेट दूर, IPL के इतिहास में ऐसा करने वाले बनेंगे सिर्फ दूसरे गेंदबाज
'वहां मेरा समय खत्म हो गया था', संजू सैमसन ने बताई राजस्थान से नाता तोड़ने की वजह
