A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आखिर इस खिलाड़ी के साथ ही क्यों हो रहा है ऐसा, ऐसे बैठे रहने से क्या ही फायदा

आखिर इस खिलाड़ी के साथ ही क्यों हो रहा है ऐसा, ऐसे बैठे रहने से क्या ही फायदा

भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर अभी तक तीन टेस्ट खेल चुकी है, लेकिन कुलदीप यादव एक भी मैच की प्लेइंग इलेवन में नजर नहीं आए, आखिर कब तक वे इसी तरह से अपनी बारी का इंतजार करते रहेंगे।

kuldeep yadav- India TV Hindi
Image Source : GETTY कुलदीप यादव

India vs England: भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज जारी है। तीन मैच हो चुके हैं, दो और बाकी हैं। भारतीय टीम में इस वक्त क्या हो रहा है, ये समझ से परे है। कहां तो कुछ ऐसे खिलाड़ी लगातार खेल रहे​ हैं, जो कुछ नहीं कर पा रहे हैं, वहीं कुछ खिलाड़ी अपनी बारी का इंतजार करते करते थके जा रहे हैं। तीन टेस्ट अब तक टीम इंडिया खेल चुकी है, लेकिन कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में मौका कब मिलेगा, ये समझ से परे है। 

साल 2017 में किया था कुलदीप यादव ने अपना टेस्ट डेब्यू

कुलदीप यादव ने अपना टेस्ट डेब्यू साल 2017 में किया था। यानी अब तक टेस्ट खेलते हुए उन्हें करीब आठ साल हो गए हैं, लेकिन कुलदीप केवल 13 ही टेस्ट खेल पाए हैं। हालांकि इतने कम मैच खेलकर भी उनका प्रदर्शन लाजवाब है। उन्होंने इन 13 मैचों में 56 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका औसत 22.16 का है और वे 3.55 की इकॉनमी से गेंदबाजी कर रहे हैं। 

बल्लेबाजी की वजह से मात खा रहे हैं कुलदीप यादव

खास बात ये है कि टीम इंडिया इंग्लैंड में भी दो स्पिनर्स के साथ उतर रही है, लेकिन उन दो में कुलदीप का नाम शामिल नहीं हो पा रहा है। माना जा रहा है कि इसकी वजह कुलदीप का बल्लेबाजी ना कर पाना है। टीम इंडिया को इस वक्त ऐसे गेंदबाज की तलाश रहती है, जो बल्लेबाजी भी कर सके। यही वजह है कि रवींद्र जडेजा और सुंदर प्लेइंग इलेवन में हैं, लेकिन कुलदीप उसमें फिट नहीं होते। 

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में ऐसे हैं कुलदीप के आंकड़े

ये बात सही है कि इंटरनेशलन क्रिकेट में भले ही कुलदीप के बल्लेबाजी आंकड़े बहुत बेहतर ना हों, लेकिन प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने कुछ बेहतरीन पारियां खेली हैं। कुलदीप ने 13 टेस्ट मैचों में 199 रन बनाए हैं। यानी उनका औसत करीब 13 का है। लेकिन अगर प्रथम श्रेणी के आंकड़े देखें तो कुलदीप ने 43 मैच खेलकर 1050 रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और छह अर्धशतक हैं। यानी उनके आंकड़े ऐसे भी कुछ ज्यादा खराब नहीं हैं। लेकिन अगर मौका ही नहीं मिलेगा तो वे टेस्ट क्रिकेट में खुद को साबित कैसे करेंगे, ये अपने आप में बड़ा और अहम सवाल है। 

Latest Cricket News