Kumar Karthikeya : इस वक्त भारतीय क्रिकेटर लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं। न तो उन्हें ठीक से आराम का वक्त मिल पाता है और न ही वे अपने परिवार से मिल पाते हैं। हालांकि टीम इंडिया के बड़े बड़े खिलाड़ी बीच बीच में रेस्ट लेते रहते हैं, लेकिन युवा खिलाड़ी जो टीम में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें जहां भी मौका मिलता है, वे खेलने के लिए पहुंच जाते हैं। लेकिन सवाल ये है कि कोई खिलाड़ी अपने परिवार या मां से कितने दिन तक नहीं मिल पाता होगा, ये अंदाजा लगाना मुश्किल है। आपको जानकार ताज्जुब होगा कि आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी रहे कुमार कार्तिकेय अपनी मां से करीब नौ साल तीन महीने बाद मिले हैं, इसका खुलासा खुद कुमार कार्तिकेय ने ही किया है।
कुमार कार्तिकेय ने मां के साथ ट्विटर पर पोस्ट की है तस्वीर
कुमार कार्तिकेय ने अपनी ट्विटर पर मां के साथ एक तस्वरी पोस्ट की है और उसमें लिखा है कि नौ साल तीन महीने बाद अपने परिवार और मम्मी से मिला, इस वक्त अपनी भावनाओं को व्यक्त नहीं कर सकता। कुमार कार्तिकेय ने ये पोस्ट तीन अगस्त को की है और इसके पोस्ट होते ही, लाइक और शेयर की झड़ी सी लग गई। कुछ ही देर में इस पोस्ट पर हजारों की संख्या में लाइक आ गए और लोग इस पर खूब कमेंट और रीट्विट भी कर रहे हैं। कुमार कार्तिकेय इस बार के आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे थे। कुमार कार्तिकेय पहली बार आईपीएल में बिके और मुंबई इंडियंस ने उन्हें करीब 20 लाख रुपये में अपने पाले में किया था। दरअसल वे ऑक्शन में नहीं बिके थे, ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने अरशद खान को अपने साथ किया था, लेकिन वे चोटिल हो गए और इसके बाद बीच आईपीएल में उन्हें अपनी टीम में शामिल किया गया था। इतना ही नहीं, उन्हें अपनी टीम के लिए खेलने का मौका भी मिला और उन्होेंने चार मैचों में पांच विकेट भी अपने नाम किए।
रणजी ट्रॉफी जीतने वाली मध्य प्रदेश की टीम में भी शामिल रहे कुमार कार्तिकेय
आईपीएल के बाद कुमार कार्तिकेय रणजी में भी खेलते हुए दिखे थे, वे मध्य प्रदेश के लिए खेल रहे थे और उनकी टीम फाइनल तक पहुंची थी। आईपीएल के बाद रणजी में भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया और मध प्रदेश की टीम ने पहली बार आईपीएल का खिताब भी अपने नाम किया था। कुमार कार्तिकेय ने पिछले दिनों कहा भी था कि वे नौ साल से अपने घर नहीं गए हैं। उन्होंने कहा था कि वे जब तक क्रिकेट करियर में सफलता हासिल नहीं कर लेते, तब तक अपने घर नहीं जाएंगे। अब क्रिकेट के दुनिया में कुमार कार्तिकेय ने कुछ नाम कमा लिया है, इसलिए अपने घर लौटे और परिवार वालों से मिले।
Latest Cricket News