India vs England: भारतीय टीम के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स जब मैनचेस्टर के मुकाबले से ठीक पहले टॉस के लिए मैदान में आए तो सभी की नजर टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन पर थी, लेकिन साथ ही एक बात और मन में चल रही थी कि क्या शुभमन गिल इस बार टॉस जीत पाएंगे। दरअसल शुभमन गिल अब चौथे टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन एक भी बार वे टॉस नहीं जीत पाए हैं। एक और टॉस हारकर शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने एक अनोखा काम कर दिया है।
जनवरी से लेकर अब तक कोई भारतीय कप्तान नहीं जीत पाया है टॉस
भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज के पहले तीन मैचों का रिजल्ट चाहे जो रहा हो, लेकिन इतना तो है कि शुभमन गिल अपनी कप्तानी में एक भी टॉस अपने नाम नहीं कर पाए। यही सिलसिला मैनचेस्टर में भी जारी रहा। ऐसा नहीं है कि भारतीय कप्तान के तौर पर केवल शुभमन गिल ही टॉस हार रहे हैं। इससे पहले रोहित शर्मा हों और चाहे सूर्यकुमार यादव वे भी टॉस हारते रहे हैं। मजे की बात ये है कि जनवरी के बाद से लेकर अब तक भारत के किसी भी कप्तान ने इंटरनेशनल क्रिकेट में टॉस नहीं जीता है।
अब तक लगातार 14 टॉस हार चुकी है भारतीय टीम
इसी साल जनवरी में जब भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में खेलने के लिए उतरी थी, तभी टॉस जीता गया था। तब से लेकर अब तक लगातार 14 टॉस भारतीय टीम हार चुकी है, हालांकि इस दौरान कप्तान अलग अलग रहे हैं। अब सीरीज एक और मैच बचा हुआ है, देखना होगा कि क्या उसमें भी शुभमन गिल की किस्मत इस मामले में रूठी ही रहती है।
शुभमन बोले, टॉस हारना अच्छा ही रहा
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दरअसल इस मैच के दौरान मौसम खराब रहने की आशंका जताई गई है। पहले दिन बादल रहने की भी बात सामने आई है, इसी को ध्यान में रखते हुए स्टोक्स ने पहले गेंदबाजी ले ली, ताकि उन्हें पहले कुछ घंटों में फायदा मिले और भारतीय टीम के शुरुआती विकेट गिराए जा सकें। वहीं टॉस हारने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि वे तय नहीं कर पा रहे थे कि टॉस जीतकर क्या करें, इसलिए टॉस हारना उनके लिए अच्छा ही रहा। अब देखना होगा कि क्या मैच का परिणाम इसी टॉस से तय होगा।
Latest Cricket News