1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आशा भोसले के निधन पर क्रिकेट जगत ने भी जताया दुख, सचिन तेंदुलकर ने कहा - आशा ताई हमारे परिवार का हिस्सा थीं

आशा भोसले के निधन पर क्रिकेट जगत ने भी जताया दुख, सचिन तेंदुलकर ने कहा - आशा ताई हमारे परिवार का हिस्सा थीं

दिग्गज भारतीय गायिका आशा भोसले का 92 साल की उम्र में 12 अप्रैल को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें 11 अप्रैल को दिल का दौरा पड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन पर क्रिकेट जगत ने भी शोक व्यक्त किया है, जिसमें सचिन तेंदुलकर से लेकर कुंबले ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

Asha Bhosle And Sachin Tendulkar- India TV Hindi
Image Source : AFP आशा भोसले और सचिन तेंदुलकर

भारतीय संगीत प्रेमियों के लिए 12 अप्रैल का दिन काफी दुखद रहा जिसमें दिग्गज सिंगर आशा भोसले की 92 साल के उम्र में निधन की खबर सामने आई। अपनी सुरीली अवाज से दुनिया भर में मशहूर आशा भोसले को 11 अप्रैल को दिल का दौरा पड़ने पर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद क्रिकेट जगत में भी शोक की लहर देखने को मिली, जिसमें उनके सबसे करीबी माने जाने वाले सर्वकालिक महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट के लिए अपनी दुख को प्रकट किया है।

सचिन ने जो पोस्ट किया उसमें उन्होंने लिखा कि आशा ताई हमारे परिवार का हिस्सा थीं। आज, जो गहरा दुख हम महसूस कर रहे हैं, उसे बयां करने के लिए शब्द भी कम पड़ रहे हैं। वहीं सचिन के अलावा विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे और शिखर धवन ने भी आशा भोसले के निधन पर अपना दुख व्यक्त किया है।

दुनिया भर के संगीत प्रेमियों के लिए, आज का दिन बेहद दुखद है

सचिन तेंदुलकर जो आशा भोसले को अपनी बड़ी बहन के रूप में मानते थे उन्होंने उनके निधन पर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भारत के लिए और दुनिया भर के संगीत प्रेमियों के लिए आज का दिन बेहद दुखद है। हमारे लिए, आशा ताई हमारे परिवार का हिस्सा थीं। आज, जो गहरा दुख हम महसूस कर रहे हैं उसे बयां करने के लिए शब्द भी कम पड़ रहे हैं। एक पल के लिए तो दिल बिल्कुल खामोश हो जाता है और अगले ही पल वह उन अनगिनत धुनों में खो जाता है जो उन्होंने हम सभी को तोहफे में दिए हैं। ऐसा महसूस होता है, मानो समय भी थम सा गया हो। फिर भी अपने अमर गीतों के जरिए वह हमेशा-हमेशा के लिए अमर रहेंगी। धन्यवाद ताई हमारे जीवन को अपनेपन, गरिमा और अविस्मरणीय संगीत से भरने के लिए। आशा ताई हम आपको शब्दों से भी कहीं ज्यादा याद करेंगे।

आपकी आवाज ने करोड़ों लोगों के दिलों को छुआ है

टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने भी आशा भोसले के निधन पर इंस्टाग्राम पर इंस्टा स्टोरी पर उनकी फोटो लगाने के साथ लिखा कि ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे आशा भोसले जी। आपकी आवाज ने करोड़ों लोगों के दिलों को छुआ है और यह हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेगी। ओम शांति।

शिखर धवन, रहाणे और अनिल कुंबले ने भी दी आशा भोसले को श्रद्धांजलि

आशा भोसले के निधन पर सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के अलावा टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी शिखर धवन ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि एक सदाबहार आवाज जो कभी पुरानी नहीं हुई। आशा भोसले जी हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी। ओम शांति। इसके अलावा अजिंक्य रहाणे ने आशा भोसले के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि आशा भोसले जी के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। उनकी आवाज सिर्फ संगीत ही नहीं थी, बल्कि एक भावना थी, जो कालातीत और अविस्मरणीय है। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।

ये भी पढ़ें

9 साल में पिता को खोया, आंखों के सामने हुई बेटी और बेटे की मौत, संगीत की लंबी विरासत छोड़ गईं आशा भोसले, ये रही पूरी फैमिली ट्री

आशा भोसले के निधन से देश में शोक की लहर, पीएम मोदी, अमित शाह, गडकरी, फडणवीस समेत इन नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Latest Cricket News