A
Hindi News खेल क्रिकेट T20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड के कप्तान ने बल्ले से मचाया तांडव, टूटने से बाल-बाल बचा क्रिस गेल का रिकॉर्ड

T20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड के कप्तान ने बल्ले से मचाया तांडव, टूटने से बाल-बाल बचा क्रिस गेल का रिकॉर्ड

ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 14 फरवरी को कोलंबो में आयरलैंड और ओमान के बीच मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में आयरलैंड के कप्तान लोर्कन टकर ने बल्ले से शानदार पारी खेली।

Lorcan Tucker- India TV Hindi Image Source : AP लोर्कन टकर

T20 वर्ल्ड कप 2026 का 22वां मैच आयरलैंड और ओमान के बीच सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। इस मैच में आयरलैंड की टीम को टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 235 रन बनाए। आयरलैंड के लिए इस मुकाबले में उनके कप्तान लोर्कन टकर ने बल्ले से कमाल किया। वह इस मुकाबले में 94 रन बनाकर नाबाद लौटे। इसके साथ ही उन्होंने एक नया इतिहास रच दिया।

पॉल स्टर्लिंग के बाहर होने के बाद लोर्कन टकर कर रहे हैं कप्तानी 

रेगुलर कप्तान पॉल स्टर्लिंग के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद आयरलैंड की कप्तानी लोर्कन टकर कर रहे हैं। लोर्कन टकर ने ओमान के खिलाफ गजब की पारी खेली। उन्होंने 184.31 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंद में नाबाद 94 रन बनाए। टकर ने अपनी पारी में 10 चौके और 4 छक्के लगाए। हालांकि, उनके पास शतक लगाने का भी अच्छा मौका था। लेकिन, वह अपने टीममेट जॉर्ज डॉकरेल की वजह से ही शतक नहीं ठोक पाए। 20वें ओवर में डॉकरेल ने आखिरी तीन गेंदें खेली, जिस वजह से टकर शतक पूरा नहीं कर पाए।

आयरलैंड के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने टकर

टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड लोर्कन टकर के नाम हो गया है। इस मुकाबले में उन्होंने नाबाद 94 रन बनाए। वहीं दूसरे नंबर पर कर्टिस कैंफर का नाम है। उन्होंने 2022 में स्कॉटलैंड के खिलाफ नाबाद 72 रन की पारी खेली थी। तीसरे नंबर पर भी लोर्कन टकर का नाम है। उन्होंने 2022 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 71 रन बनाए थे। उस वर्ल्ड कप में पॉल स्टर्लिंग ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 66 रन बनाए।

बाल-बाल बचा क्रिस गेल का रिकॉर्ड

लोर्कन की ये 94 रनों की पारी टी20 वर्ल्ड कप में कप्तान द्वारा खेली गई दूसरी सबसे बड़ी पारी है। इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा है। रोहित ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 92 रन की पारी खेली थी। हालांकि लोर्कन के हाथों क्रिस गेल का रिकॉर्ड टूटने से बच गया। टी20 वर्ल्ड कप में कप्तान के तौर पर सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। गेल ने टी20 वर्ल्ड कप 2010 में भारत के खिलाफ 98 रन की पारी खेली थी। अगर टकर 5 रन और बना लेते तो वह क्रिस गेल का ये रिकॉर्ड आसानी से तोड़ देते।

यह भी पढ़ें

IND vs PAK T20 World Cup मैच पर मंडराया खतरा, श्रीलंकाई मौसम विभाग ने 15 फरवरी को लेकर जारी की चेतावनी

वैभव सूर्यवंशी कुछ दिनों के लिए रहेंगे क्रिकेट से दूर! अब हाथ में होगा पेन-पेपर, देंगे 10वीं बोर्ड की परीक्षा

Latest Cricket News