1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लकी या अनलकी, IPL में पहली बार हुआ ऐसा कारनामा, एक ही खिलाड़ी को मिला दो बार डेब्यू का मौका

लकी या अनलकी, IPL में पहली बार हुआ ऐसा कारनामा, एक ही खिलाड़ी को मिला दो बार डेब्यू का मौका

मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल 2025 का 63वां मुकाबला खेला गया। इस मैच में एक ऐसा कारनामा देखने को मिला जो इससे पहले कभी नहीं हुआ था।

Madhav Tiwari- India TV Hindi
Image Source : AP माधव तिवारी

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इस वक्त दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जा रहा है। यह इस सीजन का 63वां मुकाबला है। इस मैच में एक ऐसा कारनामा देखने को मिला है जो इससे पहले आईपीएल के इतिहास में कभी नहीं हुआ। दरअसल दिल्ली के लिए इस मैच में माधव तिवारी डेब्यू कर रहे हैं। लेकिन आपको ये जानकार हैरानी होगी कि उन्हें आज दूसरी बार डेब्यू करने का मौका मिला है। इससे पहले उन्हें पंजाब किंग्स के खिलाफ धर्मशाला वाले मैच में डेब्यू करने का मौका मिला था।

रद्द हो गया था पंजाब और दिल्ली के बीच खेला गया मुकाबला

दरअसल 8 मई को धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच खेला जा रहा था। उस वक्त भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर था। बॉर्डर पर उन दिनों लगातार ड्रोन अटैक हो रहे थे। इसी वजह से 8 मई को मैच के दौरान धर्मशाला में ब्लैकआउट हो गया था जिस वजह से उस मैच को पहली पारी के दौरान 10.1 ओवर के बाद रोक कर रद्द कर दिया गया था। साथ ही उस मैच को अमान्य माना गया था इसका मतलब था कि उस मैच में 10.1 ओवर के खेल तक जितने भी रन बने या विकेट गिरे उसे रिकॉर्ड बुक से हटा दिया गया था।

आपको बता दें कि पंजाब के खिलाफ उस मुकाबले में माधव तिवारी ने एक ओवर गेंदबाजी भी की थी, जहां उन्होंने 14 रन खर्च किए थे लेकिन उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला था। लेकिन उनका वो ओवर रिकॉर्ड में नहीं है और इस वजह वो मैच उनका डेब्यू मैच नहीं कहा जाएगा। ऐसे में आईपीएल में आधिकारिक तौर पर उनका डेब्यू 21 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हुआ है।

फाफ डु प्लेसिस की कप्तानी में हुआ माधव का डेब्यू

मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले जा रहे मैच में दिल्ली कैपिटल्स के रेगुलर कप्तान अक्षर पटेल नहीं खेल रहे हैं। बीमार होने की वजह से वो इस मैच से बाहर हैं और उनकी जगह फाफ डु प्लेसिस दिल्ली की कप्तानी कर रहे हैं। ऐसे में यह कहा जा सकता है कि माधव तिवारी का आईपीएल डेब्यू फाफ की कप्तानी में हुआ है। इसके साथ ही दिल्ली के लिए केएल राहुल आज इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेल रहे हैं।

Latest Cricket News