साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को पहले ODI में 67 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। डरबन में खेले गए इस मुकाबले की सबसे खास कहानी साउथ अफ्रीका की जीत के साथ-साथ मार्को येनसन के दुर्लभ ऑलराउंड रिकॉर्ड की रही। येनसन ने बल्ले से 75 रन बनाए, गेंद से एक विकेट लिया और फील्डिंग करते हुए चार कैच लपके। इसके साथ ही वह ODI क्रिकेट के इतिहास में एक खास उपलब्धि हासिल करने वाले सिर्फ पांचवें खिलाड़ी बन गए।
दरअसल, ODI में एक ही मैच में 50 या उससे ज्यादा रन बनाने, कम से कम चार कैच पकड़ने और एक विकेट लेने का यह कारनामा इससे पहले सिर्फ चार खिलाड़ियों ने किया था। सचिन तेंदुलकर ने साल 1998 में पाकिस्तान के खिलाफ ढाका में, यूनिस खान ने 2002 में जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में, माइकल क्लार्क ने 2004 में भारत के खिलाफ मेलबर्न में और मार्नस लाबुशेन ने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंघम में यह उपलब्धि हासिल की थी। अब इस खास क्लब में 2026 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रदर्शन के बाद मार्को येनसन का नाम भी जुड़ गया है।
येनसन ने खेली शानदार पारी
येनसन ने इस मुकाबले में बल्ले से भी साउथ अफ्रीका की पारी को संभालने में अहम भूमिका निभाई। शुरुआती झटकों के बाद मैथ्यू ब्रीत्जके ने 106 गेंदों पर 112 रन की शानदार पारी खेलकर पारी को मजबूती दी। ब्रीत्जके और येनसन के बीच 107 रन की साझेदारी हुई, जिसने साउथ अफ्रीका को संकट से बाहर निकालने में बड़ी भूमिका निभाई। साउथ अफ्रीका ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट पर 297 रन बनाए। येनसन ने 59 गेंदों में 75 रनों की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड के बीच 90 रन की तेज शुरुआत की। इसके बाद केशव महाराज ने मार्श को आउट कर साझेदारी तोड़ी। साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने धीरे-धीरे ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बढ़ाना शुरू किया। येनसन ने ट्रेविस हेड का विकेट हासिल किया, जबकि ब्योर्न फोर्टुइन ने जोश इंग्लिस को पवेलियन भेज दिया। कूपर कॉनॉली ने 38 रन की तेज पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को मुकाबले में बनाए रखा, लेकिन फोर्टुइन ने उन्हें भी आउट कर दिया।
पुछल्ले बल्लेबाजों ने किया निराश
इसके बाद साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को पूरी तरह समेट दिया। कैमरन ग्रीन और जैक एडवर्ड्स के विकेट जल्दी गिरने के बाद मैट रेनशॉ की 44 रन की पारी भी गेराल्ड कोएत्जी ने खत्म कर दी। ऑस्ट्रेलिया के आखिरी चार विकेट महज 15 रन के अंदर गिर गए और पूरी टीम 230 रन पर ऑलआउट हो गई। साउथ अफ्रीका के लिए केशव महाराज सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार विकेट अपने नाम किए। अब सीरीज का दूसरा मुकाबला 27 सितंबर को जोहानिसबर्ग में खेला जाएगा, जहां ऑस्ट्रेलिया की नजरें वापसी पर होंगी।
यह भी पढ़ें:
विराट कोहली के सामने सचिन तेंदुलकर के 2 बड़े रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका, इस मामले में बन सकते हैं नंबर-1 खिलाड़ी
एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट का आगाज, पहले ही मुकाबले में रोचक जंग, अफगानिस्तान ने मारी बाजी
Latest Cricket News