1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाज पाकिस्तान में बना कप्तान, T20I क्रिकेट में खेला है सिर्फ 1 मैच

ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाज पाकिस्तान में बना कप्तान, T20I क्रिकेट में खेला है सिर्फ 1 मैच

T20I क्रिकेट में जिस खिलाड़ी को सिर्फ 1 मैच खेलने का अनुभव है, वो पाकिस्तान में कप्तान बन गया है। ये अनोखी घटना पाकिस्तान में देखने को मिली है।

Marnus Labuschagne- India TV Hindi
Image Source : AFP ब्यू वेबस्टर, मार्नश लाबुशेन और स्टीव स्मिथ

PSL 2026: पाकिस्तान सुपर लीग यानी PSL 2026 से पहले एक चौंकाने वाला फैसला सामने आया है। ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज मार्नश लाबुशेन को नई फ्रेंचाइजी हैदराबाद किंग्समेन का कप्तान नियुक्त किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि लाबुशेन को T20 क्रिकेट में ज्यादा अनुभव नही है, इसके बावजूद उन्हें टीम की कमान सौंप दी गई है। लाबुशेन को किंग्समेन ने सीधे साइन किया था और वह इस सीजन PSL टीम के कप्तान बनने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं। इससे पहले डेविड वॉर्नर को कराची किंग्स और एश्टन टर्नर को मुल्तान सुल्तान्स की कप्तानी सौंपी जा चुकी है।

मार्नश लाबुशेन ने अब तक किसी भी T20 टीम की कप्तानी नहीं की है और वह इस फॉर्मेट में नियमित खिलाड़ी भी नहीं रहे हैं। उन्होंने केवल एक T20 इंटरनेशनल मैच खेला है और जुलाई 2024 के बाद से सिर्फ चार T20 मुकाबले खेले हैं, जो उन्होंने ब्रिसबेन हीट के लिए बिग बैश लीग (BBL) में खेले। लाबुशेन एक टॉप ऑर्डर बल्लेबाज है और पार्ट-टाइम गेंदबाज भी करते हैं। उनके नाम 59 T20 मैचों में 40 विकेट भी दर्ज हैं। 

टीम में बड़े नाम, फिर भी लाबुशेन को कप्तानी

हैदराबाद किंग्समेन PSL की दो नई टीमों में से एक है और कप्तान घोषित करने वाली आखिरी फ्रेंचाइजी रही। टीम में ग्लेन मैक्सवेल, कुसल परेरा और सैम अयूब जैसे बड़े नाम मौजूद हैं, लेकिन T20 कप्तानी का अनुभव सीमित होने के बावजूद फ्रेंचाइजी ने लाबुशेन पर भरोसा जताया। लाबुशेन को ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी जेसन गिलेस्पी का साथ मिलेगा, जिन्हें टीम का हेड कोच बनाया गया है। गिलेस्पी इससे पहले पाकिस्तान टेस्ट टीम के हेड कोच भी रह चुके हैं। वहीं, ग्रांट ब्रैडबर्न को टीम का फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया है।

PSL 2026 की शुरुआत और पहला मुकाबला

PSL 2026 का आगाज किंग्समेन के मुकाबले से होगा। टीम अपना पहला मैच 26 मार्च को गद्दाफी स्टेडियम में तीन बार की चैंपियन लाहौर कलंदर्स के खिलाफ खेलेगी। मार्नश लाबुशेन के लिए यह कप्तानी एक बड़ी चुनौती और अवसर दोनों लेकर आई है। सीमित T20 अनुभव के बावजूद उन्हें टीम की कमान देना एक बड़ा दांव है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह इस भरोसे पर खरे उतरते हुए हैदराबाद को शानदार शुरुआत दिला पाते हैं या नहीं।

यह भी पढ़ें:

भुवनेश्वर कुमार सिर्फ 2 विकेट दूर, IPL के इतिहास में ऐसा करने वाले बनेंगे सिर्फ दूसरे गेंदबाज

'वहां मेरा समय खत्म हो गया था', संजू सैमसन ने बताई राजस्थान से नाता तोड़ने की वजह

Latest Cricket News