1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. न्यूजीलैंड को लगा बड़ा झटका, धाकड़ गेंदबाज ऐतिहासिक टेस्ट से बाहर, तीन गेंदबाजों का हुआ डेब्यू

न्यूजीलैंड को लगा बड़ा झटका, धाकड़ गेंदबाज ऐतिहासिक टेस्ट से बाहर, तीन गेंदबाजों का हुआ डेब्यू

आयरलैंड और न्यूजीलैंड के टेस्ट मैच से पहले कीवी टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार तेज गेंदबाज मैट हेनरी हैमस्ट्रिंग चोट के कारण मैच से बाहर हो गए हैं।

Matt Henry- India TV Hindi
Image Source : AP मैट हेनरी

IRE vs NZ: आयरलैंड और न्यूजीलैंड के बीच बेलफास्ट में खेले जा रहे ऐतिहासिक टेस्ट मुकाबले से पहले कीवी टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार तेज गेंदबाज मैट हेनरी चोट के कारण मैच से बाहर हो गए हैं, जबकि मेजबान आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। खास बात यह है कि दोनों टीमें टेस्ट क्रिकेट में पहली बार आमने-सामने उतरी हैं। करीब दो साल बाद अपने घर में टेस्ट मैच की मेजबानी कर रहे आयरलैंड ने परिस्थितियों का फायदा उठाने के लिए पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बेलफास्ट की पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है, हालांकि गर्म मौसम के कारण बल्लेबाजों को भी अच्छे रन बनाने का मौका मिल सकता है।

चोट के कारण बाहर हुए मैट हेनरी

न्यूजीलैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी बाएं हैमस्ट्रिंग में हल्के खिंचाव लो-ग्रेड स्ट्रेन) के कारण इस मुकाबले का हिस्सा नहीं बन सके। हेनरी अब लंदन में आयोजित ट्रेनिंग कैंप से जुड़ेंगे, जहां वह विल ओ'रूर्क और काइल जैमीसन के साथ इंग्लैंड के खिलाफ 4 जून से शुरू होने वाली तीन टेस्ट मैचों की सीरीज की तैयारी करेंगे। आयरलैंड के नियमित सलामी बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग भी चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह स्टीफन डोहेनी को ओपनिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, आयरलैंड ने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाते हुए तीन तेज गेंदबाजों को टेस्ट डेब्यू का मौका दिया है। थॉमस मेयस, रूबेन विल्सन और लियाम मैकार्थी पहली बार टेस्ट क्रिकेट में उतर रहे हैं।

3 गेंदबाजों को मिला डेब्यू का मौका

न्यूजीलैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में चार तेज गेंदबाज शामिल किए हैं। वहीं ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को भी टेस्ट कैप मिली और उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर का पहला टेस्ट मैच खेला। बेलफास्ट की पिच पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिलने की संभावना है। हालांकि नॉर्दर्न आयरलैंड में इन दिनों तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के मध्य में बना हुआ है, जिसे वहां हीटवेव जैसी स्थिति माना जाता है। ऐसे में बल्लेबाजी के लिए परिस्थितियां पहले की तुलना में बेहतर हो सकती हैं, जबकि मैच आगे बढ़ने के साथ स्पिन गेंदबाजों की भूमिका भी अहम हो सकती है। चूंकि आयरलैंड वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र का हिस्सा नहीं है, इसलिए इस मुकाबले में किसी भी टीम को चैंपियनशिप पॉइंट नहीं मिलेंगे।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

न्यूजीलैंड: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, केन विलियमसन, रचिन रविंद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, नाथन स्मिथ, जैक फॉल्क्स, ब्लेयर टिकनर, बेन सियर्स।

आयरलैंड: एंड्रयू बालबर्नी (कप्तान), स्टीफन डोहेनी, केड कारमाइकल, हैरी टेक्टर, कर्टिस कैंफर, लॉर्कन टकर (विकेटकीपर), एंडी मैकब्राइन, मार्क अडेयर, लियाम मैकार्थी, रूबेन विल्सन, टॉम मेयस।

यह भी पढ़ें

रजत पाटीदार ने टीम इंडिया के ​लिए कितने मैच खेले हैं, अब तक नहीं हुआ टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू

अब दो फेज में होगा आईपीएल! सितंबर- अक्टूबर में भी खेले जाएंगे मुकाबले, आखिर कब से होगा ये बदलाव

Latest Cricket News