1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. PAK vs BAN: क्या गलत था सलमान आगा का रन आउट? MCC ने कर दिया साफ

PAK vs BAN: क्या गलत था सलमान आगा का रन आउट? MCC ने कर दिया साफ

बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेली गई ODI सीरीज सलमान आगा के रन-आउट के कारण चर्चा में रही। इस घटना को लेकर अब MCC ने बयान जारी किया है।

BAN vs PAK Salman Agha Run Out- India TV Hindi
Image Source : AFP मेहदी हसन मिराज और सलमान आगा

Salman Agha run-out Controversy: हाल ही में पाकिस्तान को बांग्लादेश की सरजमीं पर ODI सीरीज में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। बांग्लादेश ने 2-1 से सीरीज अपने नाम की। इस सीरीज दौरान ढाका में खेले गए दूसरे ODI के दौरान एक ऐसा विवाद सामने आया, जिसने क्रिकेट जगत में बहस छेड़ दी। इस पूरे मामले पर अब क्रिकेट के नियम बनाने वाली संस्था मेरिलबोन क्रिकेट क्लब यानी MCC का बड़ा बयान सामने आया है।

पहले बात कर लेते हैं, उस घटना की जिसके कारण पूरा विवाद खड़ा हुआ। यह घटना बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे ODI में घटी। बल्लेबाजी कर रहे मोहम्मद रिजवान के शॉट को रोकने के लिए गेंदबाज मेहदी हसन मिराज पिच के बीच आ गए। इसी दौरान नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े सलमान से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद आगा ने झुककर गेंद उठाने की कोशिश की, शायद यह मानते हुए कि गेंद डेड हो चुकी है। लेकिन इससे पहले कि वह कुछ कर पाते, मेहदी ने तेजी दिखाते हुए गेंद उठाई और स्टंप्स पर मार दी। उस समय आगा अपनी क्रीज से बाहर थे। इसके बाद फैसला थर्ड अंपायर के पास गया, जहां सलमान को रन आउट करार दिया गया।

अब इस घटना को लेकर मेरिलबोन क्रिकेट क्लब ने कहा है कि यह फैसला पूरी तरह नियमों के अनुसार सही था। MCC के मुताबिक, गेंद उस समय डेड नहीं हुई थी और बल्लेबाज क्रीज से बाहर था। ऐसे में अंपायर के पास उन्हें आउट देने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। MCC ने यह भी कहा कि अगर आगा गेंद उठाते, तो वह ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ के तहत भी आउट हो सकते थे।

डेड बॉल की दलील खारिज

काफी लोगों ने यह तर्क दिया कि टक्कर के बाद गेंद को डेड बॉल माना जाना चाहिए था। लेकिन MCC ने इसे सिरे से खारिज कर दिया। MCC ने कहा कि खिलाड़ियों की टक्कर से गेंद डेड नहीं हो जाती। ऐसा नियम होने पर खिलाड़ी जानबूझकर टक्कर करने लगेंगे। यहां तक कि अक्टूबर से लागू होने वाले नए नियमों के तहत भी इस स्थिति में गेंद डेड नहीं मानी जाती।

स्पिरिट ऑफ क्रिकेट 

हालांकि नियमों के हिसाब से आउट सही था, लेकिन MCC ने स्पिरिट ऑफ क्रिकेट का पहलू भी उठाया। MCC ने कहा कि बांग्लादेश टीम चाहती तो अपील वापस ले सकती थी, क्योंकि आगा को लगा कि गेंद डेड हो चुकी है। टक्कर अनजाने में हुई थी और इससे उन्हें क्रीज में लौटने में दिक्कत हुई। मैच के बाद खुद सलमान आगा ने भी कहा था कि अगर वह फील्डर होते, तो स्पोर्ट्समैन स्पिरिट दिखाते।

यह भी पढ़ें:

भुवनेश्वर कुमार सिर्फ 2 विकेट दूर, IPL के इतिहास में ऐसा करने वाले बनेंगे सिर्फ दूसरे गेंदबाज

'वहां मेरा समय खत्म हो गया था', संजू सैमसन ने बताई राजस्थान से नाता तोड़ने की वजह

Latest Cricket News