1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. MI vs RR: राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रनों से दी मात, प्लेऑफ के लिए पक्की की अपनी जगह

MI vs RR: राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रनों से दी मात, प्लेऑफ के लिए पक्की की अपनी जगह

MI vs RR: राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले को 30 रनों से अपने नाम करने के साथ आईपीएल 2026 सीजन के प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है।

Mumbai Indians vs Rajasthan Royals- India TV Hindi
Image Source : AP मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान रॉयल्स

MI vs RR: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 69वां लीग मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स की टीम के बीच में खेला गया जिसे राजस्थान रॉयल्स की टीम 30 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जिसमें राजस्थान रॉयल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 8 विकेट के नुकसान पर 205 रनों का स्कोर बनाया था। वहीं टारगेट का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर्स में 175 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी।

राजस्थान रॉयल्स की इस मैच में शुरुआत अच्छी नहीं रही, जिसमें उन्होंने अपने दोनों ही ओपनिंग बल्लेबाजों को 33 के स्कोर तक गंवा दिया था। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने एक छोर से पारी को संभालते हुए 38 रनों की तो वहीं निचलेक्रम में बल्लेबाजी करने आए जोफ्रा आर्चर ने 32 रनों की पारी खेलने के साथ राजस्थान का स्कोर 20 ओवर्स में 205 रनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। मुंबई इंडियंस की तरफ से गेंदबाजी में दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर ने जहां 2-2 विकेट हासिल किए तो वहीं विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश और गजनफर ने 1-1 विकेट लिया।

टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस टीम की शुरुआत इस मुकाबले में बिल्कुल भी अच्छी देखने को नहीं मिली जिसमें उन्होंने अपना पहला विकेट ही डक पर रोहित शर्मा के रूप में गंवा दिया। 38 के स्कोर तक मुंबई अपने चार अहम विकेट गंवा चुकी थी, जिसके बाद सूर्यकुमार यादव और विल जैक्स ने पारी को संभालने का प्रयास किया और दोनों के बीच में 5वें विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी भी हुई। जैक्स अहम समय पर 33 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए, वहीं इसके बाद बल्लेबाजी करने आए हार्दिक पांड्या भी 34 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद मुंबई इंडियंस के लगातार विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला। सूर्यकुमार यादव के 60 रन बनाकर आउट होने के साथ मुंबई इंडियंस की हार तय हो गई थी। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से इस मैच में जोफ्रा आर्चर ने तीन विकेट हासिल किए तो वहीं नांद्रे बर्गर, ब्रजेश शर्मा और यश राज पुंजा ने 2-2 विकेट हासिल किए।

यहां पर देखिए इस मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11

मुंबई इंडियंस - रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, एएम गजनफर, रघु शर्मा।

राजस्थान रॉयल्स - यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दसुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यश राज पुंजा, ब्रजेश शर्मा।

यहां पर देखिए इस मैच के लिए दोनों टीमों के इम्पैक्ट प्लेयर्स लिस्ट

मुंबई इंडियंस - रोहित शर्मा, मयंक रावत, रॉबिन मिंज, कृष भगत, ट्रेंट बोल्ट।

राजस्थान रॉयल्स - रवींद्र जडेजा, सुशांत मिश्रा, अमन राव पेराला, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे।

Latest Cricket News