1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. MI vs SRH: सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 विकेट से दर्ज की जीत, हेड-क्लासेन ने बल्ले से दिखाया कमाल

MI vs SRH: सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 विकेट से दर्ज की जीत, हेड-क्लासेन ने बल्ले से दिखाया कमाल

MI vs SRH: सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 244 रनों के टारगेट को 18.4 ओवर्स में चार विकेट के नुकसान पर हासिल करते हुए एकतरफा जीत हासिल की है।

मुंबई इंडियंस बनाम...- India TV Hindi
Image Source : AP मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद

MI vs SRH: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 41वां लीग मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के बीच में खेला गया, जिसको सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 6 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। इसके बाद मुंबई इंडियंस 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 243 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही। मुंबई इंडियंस की तरफ से ओपनिंग बल्लेबाज रयान रिकल्टन के बल्ले से शानदार नाबाद 123 रनों की पारी देखने को मिली, इसके अलावा विल जैक्स ने 46 जबकि कप्तान हार्दिक पांड्या ने 31 रनों की पारी खेली। सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से गेंदबाजी में प्रफुल्ल हिंगे ने 2 विकेट हासिल किए तो वहीं ईशान मलिंगा, शाकिब हुसैन और नितीश कुमार रेड्डी 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।

टारगेट का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड की ओपनिंग जोड़ी ने आक्रामक शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 129 रनों की साझेदारी की। अभिषेक इस मैच में 45 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे। वहीं ट्रैविस हेड के बल्ले से 76 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली। इन दोनों ही खिलाड़ियों के आउट होने के बाद हेनरिक क्लासेन ने जिम्मेदारी संभालते हुए 30 गेंदों में नाबाद 65 रनों की पारी खेलने के साथ हैदराबाद को इस मुकाबले में जीत दिलाकर वापस लौटे। मुंबई इंडियंस की तरफ से गेंदबाजी में एएम गजनफर ने 2 विकेट लिए जबकि ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पांड्या ने 1-1 विकेट हासिल किया।

यहां पर देखिए इस मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग

मुंबई इंडियंस - रेयान रिकल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), रॉबिन मिंज, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर, अश्विनी कुमार।

सनराइजर्स हैदराबाद - अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), हर्ष दुबे, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा।

यहां पर देखिए इस मैच में दोनों टीमों के इम्पैक्ट प्लेयर लिस्ट

मुंबई इंडियंस - मयंक रावत, रघु शर्मा, शार्दुल ठाकुर, कृष भगत, राज बावा।

सनराइजर्स हैदराबाद - आर स्मरण, अनिकेत वर्मा, लियम लिविंगस्टन, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल।

Latest Cricket News