1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बाबर-रिजवान T20 क्रिकेट खेलने के लायक नहीं, पूर्व कोच के बयान से मचा हड़कंप

बाबर-रिजवान T20 क्रिकेट खेलने के लायक नहीं, पूर्व कोच के बयान से मचा हड़कंप

एशिया कप 2025 का 9 सितंबर से आगाज होना है। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को शामिल नहीं किया है। सलमान आगा को कप्तान बनाया गया है।

BABAR AZAM- India TV Hindi
Image Source : GETTY मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम

पाकिस्तान की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज जोड़ी बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान का भविष्य एशिया कप 2025 की टीम से बाहर होने के बाद गंभीर सवालों के घेरे में है। अब, पूर्व मुख्य कोच मिकी आर्थर ने कहा है कि यह जोड़ी T20I फॉर्मेट में फिट नहीं बैठती है। एक वक्त था जब बाबर और रिजवान पाकिस्तान की सबसे मजबूत बल्लेबाजी जोड़ी मानी जाती थी, लेकिन अपनी धीमी बल्लेबाजी के लिए आलोचना का सामना कर रही है। कई लोगों का मानना ​​है कि बाबर और रिजवान के बैटिंग करने की शैली T20 क्रिकेट के पेस से मेल नहीं खाती, क्योंकि टीमें पहले 6 ओवरों में 50-60 रन बनाने की ताक में रहती हैं। 

ARY न्यूज के साथ एक स्थानीय टीवी शो में बात करते हुए पाकिस्तान के पूर्व मुख्य कोच मिकी आर्थर ने स्वीकार किया कि बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान अच्छे क्रिकेटर हैं, लेकिन आधुनिक T20 फॉर्मेट उनके स्वाभाविक गेम से आगे निकल गया है।

T20 के काबिल नहीं बाबर और रिजवान

उन्होंने बताया कि आज के T20 क्रिकेट में तेज शुरुआत, निडर बल्लेबाजी और पहली गेंद से ही आक्रामक इरादे की जरूरत होती है। आर्थर ने कहा कि बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन क्रिकेट बदल गया है, वे T20 के लिए उपयुक्त नहीं हैं। आज T20 क्रिकेट एक बहुत ही अलग दृष्टिकोण की मांग करता है। बाबर और रिजवान जिस तरह का खेल खेलना चाहते हैं, उसके लिए ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो उनके विजन को पूरी तरह से लागू कर सकें और अभी पाकिस्तान को अलग तरीकों की जरूरत है।

सरफराज अहमद की कप्तानी में पाकिस्तान को नंबर 1 T20I रैंकिंग तक पहुंचाने वाले आर्थर ने संकेत दिया कि माइक हेसन के नेतृत्व में टीम का मौजूदा प्रबंधन नए विकल्पों की तलाश में सही है। हेसन के कार्यभार संभालने के बाद से बाबर और रिजवान हर टीम से गायब रहे हैं। उनकी जगह सैम अयूब, फखर जमान और साहिबजादा फरहान जैसे युवा और ज्यादा विस्फोटक सलामी बल्लेबाजों ने ले ली है।

पाकिस्तान के सामने टीम इंडिया की चुनौती

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सामने अगले महीने 9 सितंबर से खेले जाने वाले एशिया कप 2025 की चुनौती है। इस टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान अपनी टीम का ऐलान कर चुका है। सलमान आगा को टीम की कमान सौंपी गई है। पाकिस्तान और भारत दोनों को एक ही ग्रुप में रखा गया है। 

एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तान की टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमान, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन अफरीदी, सुफियान मोकिम।

Latest Cricket News