माइक हेसन अब पाकिस्तान की टेस्ट टीम के नए हेड कोच बन सकते हैं। इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में हुई टेस्ट सीरीज के दौरान उन्हें अचानक टीम की जिम्मेदारी दी गई थी। अब हेसन ने साफ कहा है कि अगर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) उन्हें आगे भी टेस्ट टीम का फुल-टाइम कोच बनाने का ऑफर देता है, तो वह इस काम को करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान को 3-0 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था।
माइक हेसन का कहना है कि उन्हें टेस्ट क्रिकेट बहुत पसंद है और पाकिस्तान के खिलाड़ियों में बहुत टैलेंट है। अगर इन खिलाड़ियों को सही दिशा और अच्छी सलाह मिले, तो टीम काफी बेहतर हो सकती है। हालांकि हेसन ने यह भी साफ कर दिया कि इसमें थोड़ा समय लगेगा और एक-दो मैचों में चमत्कार की उम्मीद नहीं की जानी चाहिए।
लॉर्ड्स टेस्ट के बाद PCB ने कोचिंग स्टाफ में किया था बड़ा बदलाव
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बड़ा फैसला लेते हुए टीम में भारी फेरबदल किया था। बोर्ड ने सात खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाकर उनकी जगह नए खिलाड़ियों को मौका दिया। इसके साथ ही कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा बदलाव किया गया और सरफराज अहमद व उमर गुल को उनके पदों से हटा दिया गया। वहीं माइक हेसन को आखिरी टेस्ट के लिए कोचिंग की जिम्मेदारी दी गई थी।
हेसन ने स्पष्ट किया है कि टेस्ट टीम के साथ अपनी अगली भूमिका को लेकर उन्होंने अभी कोई आखिरी फैसला नहीं लिया है। फिलहाल उनका पूरा ध्यान आने वाले एशियन गेम्स पर है। उन्होंने बताया कि एशियन गेम्स से पहले पाकिस्तान की टेस्ट टीम को लेकर बातचीत होने की संभावना है, जिसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि वह आगे टेस्ट टीम के कोच बने रहेंगे या नहीं।
एजबेस्टन टेस्ट में पाकिस्तान को मिली 8 विकेट से हार
टेस्ट टीम की कमान मिलने के बाद माइक हेसन का पहला मैच जीत में नहीं बदल पाया। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लिन स्वीप कर दिया। पाकिस्तान ने इंग्लैंड को जीत के लिए 130 रनों का आसान लक्ष्य दिया था। शुरुआत में पाकिस्तान ने दो विकेट लेकर दबाव बनाने की कोशिश जरूर की, लेकिन बाद में जो रूट और जॉर्डन कॉक्स ने संभलकर खेलते हुए नाबाद शतकीय साझेदारी की और इंग्लैंड को आसानी से जीत दिला दी।
यह भी पढ़ें
वनडे सीरीज से पहले साउथ अफ्रीका को लगा झटका, 33 साल का गेंदबाज हुआ बाहर
ICC टेस्ट रैंकिंग में हुई उठापटक, पाकिस्तान का सूपड़ा साफ होने के साथ हुआ बेड़ागर्क
Latest Cricket News