A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मिचेल स्टार्क रचने जा रहे हैं इतिहास, ऐसा करने वाले केवल दूसरे ऑस्ट्रेलियाई पेसर

मिचेल स्टार्क रचने जा रहे हैं इतिहास, ऐसा करने वाले केवल दूसरे ऑस्ट्रेलियाई पेसर

Mitchell Starc: मिचेल स्टार्क अब उस मुकाम के करीब हैं, जो इससे पहले केवल एक ही ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज छू पाया है।

mitchell starc- India TV Hindi
Image Source : GETTY मिचेल स्टार्क

Mitchell Starc: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क अब नया इतिहास लिखने के करी​ब हैं। इस वक्त ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का तीसरे और आखिरी मुकाबले में जब मिचेल स्टार्क उतरेंगे तो उनके लिए ये खास उपलब्धि वाला मुकाबला होगा। खास बात ये है कि इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट इतिहास में केवल एक ही तेज गेंदबाज इस मुकाम को हासिल कर पाया है। स्टार्क दूसरे गेंदबाज होंगे। 

ऑस्ट्रेलियाई टीम जीत चुकी है अब तक खेले गए दोनों मैच

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम इस वक्त वेस्टइंडीज के दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इसके दो मुकाबले हो चुके हैं और दोनों में ऑस्ट्रेलिया ने बाजी मारी है। यानी ऑस्ट्रेलियाई टीम सीरीज जीत चुकी है, लेकिन चुंकि सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है, इसलिए कोई भी टीम इसे हल्के में नहीं लेगी। सीरीज का तीसरा मुकाबला 12 जुलाई से खेला जाएगा। ये मैच मिचेल स्टार्क के लिए अहम होगा। 

मिचेल स्टार्क खेलेंगे अपना 100वां टेस्ट मुकाबला

मिचेल स्टार्क अब तक ऑस्ट्रेलिया के लिए 99 टेस्ट खेल चुके हैं, यानी वे अपने 100वें मुकाबले से केवल एक ही कदम दूर हैं। अगले मैच के लिए जैसे ही वे मैदान में उतरेंगे, ये उनका 100वां टेस्ट होगा। अब केवल ग्लेन मैक्ग्रा ही ऐसे तेज गेंदबाज हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 100 से ज्यादा टेस्ट खेले हैं। उनके नाम 124 टेस्ट मैच हैं। अब स्टार्क ऐसा करने वाले दूसरे गेंदबाज बनने वाले हैं। 

ऐसा रहा है अब तक स्टार्क का रिकॉर्ड

मिचेल स्टार्क ने अब तक 99 टेस्ट खेलकर 395 विकेट अपने नाम किए हैं। वे 100 टेस्ट के साथ साथ 400 टेस्ट विकेट के भी काफी करीब हैं। हो सकता है कि अगले ही मुकाबले में वे पांच और विकेट लेकर इस मुकाम को भी छू लें। ऑस्ट्रेलिया के लिए अब तक 127 वनडे मैच खेलकर स्टार्क 244 विकेट ले चुके हैं, वहीं बात अगर टी20 इंटरनेशनल की करें तो वहां उन्होंने 65 मुकाबले खेलकर 79 विकेट अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की है। 

अगले मुकाबले पर रहेगी सभी की नजर

अब अगले मुकाबले में ये भी देखना होगा कि क्या ऑस्ट्रेलियाई टीम वेस्टइंडीज का सीरीज में पूरी तरह से सफाया कर देगी या फिर वेस्टइंडीज की टीम आखिरी मैच जीत जाएगी। कुल मिलाकर सीरीज के रिजल्ट और मिचेल स्टार्क के रिकॉर्ड को लेकर जरूर इस मैच पर नजर रहेगी।

Latest Cricket News