A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. तीसरे एशेज टेस्ट में मिचेल स्टार्क छुएंगे बड़ा मुकाम, जेम्स एंडरसन छूट जाएंगे पीछे

तीसरे एशेज टेस्ट में मिचेल स्टार्क छुएंगे बड़ा मुकाम, जेम्स एंडरसन छूट जाएंगे पीछे

AUS vs ENG: एशेज में मिचेल स्टार्क बड़ा कारनामा करने के काफी करीब हैं। एशेज 2025 के तीसरे टेस्ट में स्टार्क 3 विकेट लेते ही बड़ी उपलब्धि हासिल कर लेंगे।

Mitchell Starc- India TV Hindi
Image Source : AP मिचेल स्टार्क

Ashes 2025: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड एशेज 2025 के तीसरे टेस्ट में भिड़ने के लिए तैयार हैं। एडिलेड ओवल में 17 दिसंबर से दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। पहले दोनों टेस्ट धमाकेदार अंदाज में जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया की नजरें लगातार तीसरी जीत दर्ज करने पर लगी हैं। वहीं, इंग्लैंड की कोशिश पलटवार करने की होगी। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के घातक तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क पर सभी की निगाहें टिकी होंगी, जो तीसरे टेस्ट में भी अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे।

मिचेल स्टार्क पहले 2 टेस्ट मैचों में 18 विकेट अब तक चटका चुके हैं और इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए बड़ी मुसीबत बने हुए हैं। एशेज 2025 में विकेट चटकाने के मामले में स्टार्क के आसपास भी कोई गेंदबाज नहीं हैं। दूसरे सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले इंग्लिश गेंदबाज ब्रायडन कार्स के खाते में सिर्फ 9 विकेट हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्टार्क इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए कितनी बड़ी चुनौती बने हुए हैं।

एशेज में होगा बड़ा कारनामा

इस बीच एशेज 2025 के तीसरे टेस्ट में मिचेल स्टार्क के पास बड़ा कारनामा करने का मौका होगा। स्टार्क एडिलेड में 3 विकेट चटकाते ही बड़ा मुकाम हासिल कर लेंगे। दरअसल, एशेज के इतिहास में स्टार्क ने 115 विकेट झटके हैं। स्टार्क 3 विकेट लेते ही एशेज में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के मोंटी नोबल और इंग्लैंड के महान गेंदबाज जेम्स एंडरसन को पछाड़ देंगे। एशेज में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड शेन वॉर्न के नाम है। वॉर्न ने 195 विकेट चटकाए। वहीं, ग्लेन मैक्ग्रा 157 विकेट के साथ दूसरे पायदान पर हैं। 35 साल के स्टार्क जिस तेजी से विकेट चटका रहे हैं, उसको देखते हुए मैक्ग्रा का रिकॉर्ड खतरे में नजर आ रहा है। एशेज के इतिहास में अब तक सिर्फ 3 गेंदबाज ही 150 से ज्यादा विकेट चटकाने में सफल रहे हैं।

एशेज में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज

  • शेन वॉर्न - 195
  • ग्लेन मैक्ग्रा - 157
  • स्टुअर्ट ब्रॉड - 153
  • ह्यू ट्रंबल - 141
  • डेनिस लिली - 128
  • इयान बॉथम - 128
  • बॉब विलिस - 123
  • जेम्स एंडरसन - 117
  • मोंटी नोबल -115 
  • मिचेल स्टार्क - 115

गौरतलब है कि मिचेल स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में 102 टेस्ट मैचों की 196 पारियों में 420 विकेट हासिल कर चुके हैं। 2 विकेट और लेते ही वह साउथ अफ्रीका के शॉन पोलक को पीछे छोड़ देंगे। पोलक के नाम टेस्ट में 421 विकेट दर्ज हैं। बता दें, स्टार्क ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट में चौथे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। 

एशेज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज

  • शेन वॉर्न - 195
  • ग्लेन मैक्ग्रा - 157
  • मिचेल स्टार्क - 115
  • नाथन लायन - 110

यह भी पढ़ें:

तीसरे टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से उठ गया पर्दा, कप्तान के साथ धाकड़ गेंदबाज की हो गई वापसी

श्रीलंका के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान अर्जुन रणतुंगा पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार

Latest Cricket News