1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तानी बल्लेबाज ने इस टूर्नामेंट में लगाई चौके छक्कों की झड़ी, फिर भी हार गई टीम

पाकिस्तानी बल्लेबाज ने इस टूर्नामेंट में लगाई चौके छक्कों की झड़ी, फिर भी हार गई टीम

पाकिस्तान के पूर्व टी20 कप्तान मोहम्मद रिजवान इस वक्त कै​रेबियन प्रीमियर लीग खेल रहे हैं। उन्होंने वहां एक बेहतरीन पारी खेली, लेकिन इसके बाद भी टीम को हार का सामना करना पड़ा है।

mohammad rizwan- India TV Hindi
Image Source : GETTY मोहम्मद रिजवान

वेस्टइंडीज में इस वक्त दुनिया की बड़ी लीगों में से एक कैरेबियन प्रीमियर लीग चल रही है। इसमें कई देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस लीग की खास बात​ ये है कि इसमें पाकिस्तान के भी कुछ चुनिंदा खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। इस बीच पाकिस्तान के अहम बल्लेबाज और टी20 में कप्तानी भी कर चुके मोहम्मद रिजवान भी इसमें खेल रहे हैं। उन्होंने एक शानदार पारी अपनी टीम के लिए खेली। उन्होंने चौके और छक्के लगाकर तेजी से रन जुटाए, लेकिन इसके बाद भी उनकी टीम को हार का सामन करना पड़ा है। 

सेंट किट्स और नेविस पैट्रियट्स और सेंट लूसिया किंग्स के बीच हुआ मुकाबला

कैरेबियन प्रीमियर लीग में 28 अगस्त को सेंट किट्स और नेविस पैट्रियट्स और सेंट लूसिया किंग्स के बीच मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंट किट्स और नेविस पैट्रियट्स ने 20 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाए, जो बाद में नाकाफी साबित हुए। नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए उतरे पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान ने 41 बॉल पर शानदार 60 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने तीन चौके और चार छक्के लगाने का काम किया। उनका स्ट्राइक रेट 146.34 का रहा। 

बाकी कोई बल्लेबाज नहीं बना सका रन

मोहम्मद रिजवान के अलावा बाकी कोई बल्लेबाज खास रन नहीं बना सका। मोहम्मद रिजवान ने भी शुरुआत तो धीमी की थी, लेकिन आखिरी के कुछ ओवर्स में उन्होंने तेजी से रन बनाने की कोशिश की। वे 60 रन पर नाबाद लौटे। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट लूसिया किंग्स की टीम ने केवल 17 ओवर में ही तीन विकेट पर 180 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। यानी टीम ने सात विकेट से मैच जीत लिया। 

पाकिस्तान की टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं रिजवान

मोहम्मद रिजवान की बात की जाए तो वे कुछ वक्त पहले तक पाकिस्तान की टी20 टीम के कप्तान थे, लेकिन अब वे टीम से भी बाहर हो चुके हैं। अगले महीने एशिया कप का आयोजन होगा, जो टी20 फॉर्मेट पर खेला जाएगा। इसमें भी रिजवान को जगह नहीं मिली है। वे अब केवल वनडे खेल रहे हैं और अपनी टीम के कप्तान भी हैं। अब देखना है कि रिजवान ऐसे ही दुनियाभर तक लीग का हिस्सा बने रहेंगे या फिर पाकिस्तान की टी20 टीम में भी वापसी करने का मौका उन्हें मिलता है। 

Latest Cricket News