1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. CPL में चला मोहम्मद रिजवान का बल्ला, इस मामले में कर ली बाबर और स्टोइनिस की बराबरी

CPL में चला मोहम्मद रिजवान का बल्ला, इस मामले में कर ली बाबर और स्टोइनिस की बराबरी

मोहम्मद रिजवान ने कैरेबियन प्रीमियर लीग में गुयाना अमेजन वॉरियर्स के खिलाफ मैच में 85 रनों की शानदार पारी खेली। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।

Mohammad Rizwan- India TV Hindi
Image Source : AP मोहम्मद रिजवान

वेस्टइंडीज की धरती पर इन दिनों कैरेबियन प्रीमियर लीग के मुकाबले खेले जा रहे हैं। जारी टूर्नामेंट के 25वें मुकाबले में गुयाना अमेजन वॉरियर्स का सामना सेंट किट्स एंड नेविस पेट्रिओट्स से हुआ। इस मैच में सेंट किट्स की तरफ बैटिंग करते हुए मोहम्मद रिजवान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। उन्होंने 62 गेंदों पर 85 रनों की पारी खेली और इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।

रिजवान ने कर ली बाबर और स्टोइनिस की बराबरी

मोहम्मद रिजवान के लिए यह उनके टी-20 करियर का 25वां प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड है। टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द अवॉर्ड जीतने के मामले में उन्होंने बाबर आजम, मार्कस स्टोइनिस और पॉल स्टर्लिंग जैसे खिलाड़ियों की बराबरी कर ली है। आपको बता दें कि टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। क्रिस गेल ने अब तक 60 बार POTM अवॉर्ड जीता है।

गुयाना अमेजन वॉरियर्स और सेंट किट्स के बीच खेले गए मैच का हाल

गुयाना अमेजन वॉरियर्स और सेंट किट्स एंड नेविस पेट्रिओट्स के बीच खेले गए मैच की बात करें तो वहां गुयाना की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जेसन होल्डर की कप्तानी वाली सेंट किट्स की टीम 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाने में कामयाब रही। सेंट किट्स के लिए रिजवान ने सबसे ज्यादा 85 रन बनाए। उनके अलावा बाकी के बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर पाए।

गुयाना की बल्लेबाजी रही फ्लॉप

गुयाना की बात करें तो टारगेट का पीछा करने उतरी उनकी टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 144 रन ही बना सकी और उन्हें पांच रन से हार का सामना करना पड़ा। गुयाना की टीम की तरफ से शाई होप ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए, तो वहीं बेन मैकडरमॉट ने 21 और मोईन अली ने 19 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी की बात करें तो सेंट किट्स की तरफ से नसीम शाह और वकार सलामखेल ने 2-2 विकेट चटकाए। इस जीत के साथ ही सेंट किट्स की टीम प्लेऑफ की रेस में अभी भी बनी हुई है।

CPL 2025 के प्लेऑफ में पहुंच चुकी है दो टीमें

CPL 2025 में दो टीमें पहले ही प्लेऑफ में क्वालीफाई कर चुकी हैं। इसमें त्रिनबागो नाइट राइडर्स और सेंट लुसिया किंग्स का नाम शामिल है। दोनों ही टीमों के पास 12-12 अंक मौजूद हैं। पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर एंटीगुआ और बारबुडा फालकन्स का नाम है। उनके खाते में फिलहाल 9 अंक हैं।

यह भी पढ़ें

एशिया कप में पाकिस्तान का बॉयकॉट क्यों संभव नहीं? IND vs PAK मैच को लेकर BCCI ने तोड़ी चुप्पी

रवि शास्त्री ने संजू सैमसन को लेकर टीम इंडिया को चेताया, बोले- टॉप आर्डर में सबसे खतरनाक

Latest Cricket News