1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ODI कप्तानी से हटाए जा सकते हैं मोहम्मद रिजवान! बड़ा फैसला लेने की तैयारी में PCB

ODI कप्तानी से हटाए जा सकते हैं मोहम्मद रिजवान! बड़ा फैसला लेने की तैयारी में PCB

मोहम्मद रिजवान की कप्तानी में पाकिस्तानी टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। अब वह वनडे टीम की कप्तानी से हटाए जा सकते हैं।

mohammad rizwan- India TV Hindi
Image Source : PTI मोहम्मद रिजवान

मोहम्मद रिजवान की कप्तानी में पाकिस्तानी टीम पिछले कुछ समय से वनडे क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है। टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज 1-2 से गंवानी पड़ी थी। इसके बाद उनकी खूब आलोचना भी हुई थी। अब पाकिस्तानी टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है। ESPNक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक इससे पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान जारी करके बताया है कि उन्होंने आगामी सीरीज के लिए अभी तक कप्तान तय नहीं किया है। इसके बाद ही रिजवान की वनडे कप्तानी पर संकट के बादल मंडराते हुए दिखाई दे रहे हैं।

सेलेक्शन कमेटी की बैठक में हो सकती है चर्चा

पाकिस्तान की नेशनल सेलेक्शन कमेटी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सलाहकार बोर्ड की सोमवार को लाहौर में संयुक्त बैठक होगी, जिसमें वनडे कप्तान पर फैसला किया जा सकता है। PCB ने एक बयान में पुष्टि की कि पाकिस्तान की सीमित ओवरों की टीमों के मुख्य कोच माइक हेसन ने पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी को पत्र लिखकर वनडे टीम के मामलों और कप्तानी पर चर्चा के लिए सेलेक्टर्स और सलाहकारों की बैठक बुलाने का अनुरोध किया था। 

पाकिस्तानी कोच माइक हेसन भी होंगे बैठक का हिस्सा

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से एक बयान में बताया गया है कि वनडे कप्तानी पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने सेलेक्टर्स और सलाहकारों से इस मामले पर चर्चा के लिए सोमवार को बैठक करने को कहा है। माइक हेसन भी बैठक का हिस्सा होंगे।

पाकिस्तान के पास हैं तीनों फॉर्मेट में अलग-अलग कप्तान

पाकिस्तान के लिए तीनों फॉर्मेट में अभी तक अलग-अलग कप्तान हैं। टेस्ट टीम की कमान शान मसूद संभाल रहे हैं। उनकी कप्तानी में पाकिस्तानी टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रही है। वहीं मोहम्मद रिजवान वनडे टीम के कप्तान हैं। टी20 टीम की कमान सलमान अली आगा के हाथों में है। सलमान की कप्तानी में पाकिस्तानी टीम को एशिया कप 2025 के फाइनल में हार का मुंह देखना पड़ा था और भारत से पाकिस्तान ने गुजरे टूर्नामेंट में लगातार तीन मुकाबले हारे थे।

कप्तान के तौर पर फ्लॉप रहे हैं मोहम्मद रिजवान

पाकिस्तान के लिए मोहम्मद रिजवान ने अभी तक 20 वनडे मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से 9 में टीम ने जीत दर्ज की है और 11 में हार का मुंह देखना पड़ा है। पिछले कुछ समय से वह बल्ले से भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।

(Input: PTI)

Latest Cricket News