1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड के खिलाफ 2 बार हैट्रिक लेने से चूके भारतीय बॉलर्स, बनते-बनते रह गया ऐतिहासिक कीर्तिमान

इंग्लैंड के खिलाफ 2 बार हैट्रिक लेने से चूके भारतीय बॉलर्स, बनते-बनते रह गया ऐतिहासिक कीर्तिमान

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में मोहम्मद सिराज और आकाश दीप ने शानदार गेंदबाजी की। इन दोनों प्लेयर्स ने अहम मौकों पर विकेट चटकाए।

mohammed siraj- India TV Hindi
Image Source : GETTY मोहम्मद सिराज

भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी के आधार पर 180 रनों की बढ़त हासिल की। इंग्लैंड ने पहली पारी में 407 रन बनाए, जबकि भारतीय टीम ने पहली पारी में 587 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इंग्लैंड के खिलाफ मैच में भारत के लिए आकाश दीप और मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी की। सिराज के खाते में 6 विकेट गए। वहीं आकाश दीप ने चार विकेट चटकाए। लेकिन ये दोनों प्लेयर्स मैच में हैट्रिक लेने से चूक गए।

आकाश दीप ने भारत को दिलाई थी शुरुआती सफलता

इंग्लैंड के खिलाफ पारी का दूसरा ओवर आकाश दीप ने फेंका। इस ओवर की चौथी गेंद को बेन डकेट ने खेला। इस गेंद को आकाश दीप ने ऑफ स्टंप के बाहर रखा। जिस पर गेंद उनके बल्ले से लगने के बाद स्लिप पर खड़े शुभमन गिल के पास चली गई और उन्होंने बेहतरीन कैच हासिल किया। इसके बाद आकाश दीप ने पांचवीं गेंद पर ओली पोप को पवेलियन की राह दिखाई। पोप ने गेंद को फ्लिक किया, जिस पर केएल राहुल ने कैच पकड़ा। लगातार दो गेंदों में दो विकेट लेने के बाद वह हैट्रिक पर थे। इसके बाद जो रूट बल्लेबाजी करने के लिए आए, लेकिन उन्होंने हैट्रिक बॉल को आसानी से खेल लिया और आकाश दीप की हैट्रिक नहीं हो पाई।

सिराज ने जो रूट को भेजा था पवेलियन

इंग्लैंड के खिलाफ पारी का 22वां ओवर मोहम्मद सिराज ने फेंका। इस ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने जो रूट को पवेलियन की राह दिखाई। रूट इस गेंद पर फ्लिक करना चाहते थे, लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर ऋषभ पंत के पास चली गई और उन्होंने कैच लेने में कोई गलती नहीं की।

सिराज की गेंद पर बेन स्टोक्स हुए हैरान

इसके बाद इसी ओवर की चौथी गेंद पर मोहम्मद सिराज ने बेन स्टोक्स को शॉर्ट लेंथ गेंद फेंकी, जो बहुत ही तेजी के साथ ऊपर उठी। इस गेंद पर स्टोक्स भौचक्के रह गए। उन्हें समझ ही नहीं आया कि क्या करें और गेंद उनके बल्ले को छूते हुए ऋषभ पंत के पास चली गई। इस तरह से सिराज दो गेंदों में दो विकेट ले चुके थे। उसके पास हैट्रिक लेने का मौका था। फिर पांचवीं गेंद पर बल्लेबाजी करने के लिए जैमी स्मिथ आए और इस गेंद पर उन्होंने चौका जड़ दिया। इस तरह से सिराज को हैट्रिक नहीं मिल पाई।

नहीं बन पाया ऐतिहासिक कीर्तिमान

अगर इंग्लैंड के खिलाफ ये दोनों भारतीय गेंदबाज हैट्रिक लेने में कामयाब हो जाते, तो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसा पहली बार होता, जब किसी मैच में दो भारतीय गेंदबाज हैट्रिक लेते। पर अफसोस ऐसा हो ना सका। अभी तक भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सिर्फ तीन ही बॉलर्स ने हैट्रिक हासिल की है। इनमें हरभजन सिंह, इरफान पठान और जसप्रीत बुमराह के नाम शामिल हैं।

Latest Cricket News