1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: मोहम्मद सिराज का बड़ा धमाका, 5वें टेस्ट में कप्तान को ही पछाड़ दिया

IND vs ENG: मोहम्मद सिराज का बड़ा धमाका, 5वें टेस्ट में कप्तान को ही पछाड़ दिया

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने कमाल कर दिया। सिराज ने इंग्लैंड के 4 बल्लेबाजों का शिकार किया।

Mohammed Siraj- India TV Hindi
Image Source : GETTY मोहम्मद सिराज

भारत और इंग्लैंड के बीच केनिंग्टन ओवल में खेली जा रही टेस्ट सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम की पारी महज 224 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया ने दिन की शुरुआत 6 विकेट के नुकसान पर की थी, लेकिन बचे हुए 4 विकेट सिर्फ 20 रन के भीतर गिर गए। हालांकि, करुण नायर ने अर्धशतक लगाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

ब्रुक की पारी और इंग्लैंड की बढ़त

जवाब में इंग्लैंड की टीम भी बल्लेबाजी में कोई बड़ा कमाल नहीं कर सकी। हैरी ब्रुक ने जरूर 64 गेंदों में 53 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, लेकिन उनका आउट होना इंग्लैंड के लिए नुकसानदायक साबित हुआ। चोटिल क्रिस वोक्स बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे और इंग्लैंड की पहली पारी 247 रनों पर खत्म हो गई। इस तरह मेजबान टीम को 23 रनों की मामूली बढ़त मिल गई।

सिराज का शानदार स्पेल 

भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने दूसरे सत्र में कमाल की गेंदबाज़ी करते हुए भारत की मैच में वापसी कराई। उन्होंने हैरी ब्रुक को बोल्ड कर इंग्लैंड की पारी का अंत किया और मैच में अपने चार विकेट पूरे किए। इससे पहले उन्होंने जो रूट, ओली पोप और जैकब बेथेल जैसे अहम विकेट भी चटकाए। सिराज की धारदार गेंदबाजी ने इंग्लैंड की बल्लेबाजी को झकझोर कर रख दिया।

बारिश के कारण खेल में थोड़ी देर के लिए बाधा आई थी, लेकिन जैसे ही मैच फिर शुरू हुआ, भारत ने जल्द ही बाकी बचे विकेट भी समेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा ने भी तीन अहम विकेट झटके, जिनमें गस एटकिंसन और जैक क्रॉली शामिल रहे।

सिराज बने टॉप विकेट-टेकर

मोहम्मद सिराज ने इस मैच में 16.2 ओवरों में 86 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इसके साथ ही वह एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। सिराज अब तक 18 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। सिराज ने इस सूची में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को पीछे छोड़ दिया है, जो चोट के चलते सीरीज का आखिरी टेस्ट नहीं खेल रहे हैं।

मौजूदा टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

  • मोहम्मद सिराज - 18
  • बेन स्टोक्स - 17
  • जोश टंग - 15
  • जसप्रीत बुमराह - 14

Latest Cricket News