भारतीय टीम को आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलना है, जिसमें उससे पहले टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा जो मुख्य स्क्वाड का हिस्सा थे, वह वॉर्मअप मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने दाहिने घुटने को चोटिल कर बैठे थे, जिसके बाद उनका टूर्नामेंट का आगाज होने से पहले ही बाहर होना तय माना जा रहा है। ऐसे में समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार हर्षित राणा की जगह पर मोहम्मद सिराज को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर शामिल किए जाने का फैसला लिया गया है, जिसको लेकर आधिकारिक ऐलान भी जल्द कर दिया जाएगा।
हर्षित राणा पर आज शाम तक हो जाएगा फैसला
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने यूएसए के खिलाफ मुकाबले से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में हर्षित राणा की फिटनेस को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि वह अभी पूरी तरह से बाहर नहीं हुए हैं, लेकिन उनके खेलने पर संदेह है। हमें 6 फरवरी की शाम तक पता चल जाएगा, लेकिन उनकी स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। वहीं सूर्या ने उनकी जगह पर रिप्लेसमेंट प्लेयर को लेकर सवाल के जवाब में कहा कि हम देखेंगे कि पिछले 1-2 सालों में किन तेज गेंदबाज़ों ने अच्छा प्रदर्शन किया है या ऐसे गेंदबाज जो बैटिंग भी कर सकते हैं। लेकिन अगर आप नंबर 9 की पोजीशन पर खेलने वाले खिलाड़ी से बड़े शॉट लगाने की उम्मीद कर रहे हैं, तो ऊपर के आठ खिलाड़ी क्या कर रहे हैं। हम सबसे अच्छे खिलाड़ी को चुनने की कोशिश करेंगे।
मोहम्मद सिराज पिछले टी20 वर्ल्ड कप में भी स्क्वाड का थे हिस्सा
हर्षित राणा के बाहर होने पर मोहम्मद सिराज की टीम इंडिया की टी20 स्क्वाड में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। सिराज टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया के गेंदबाजी विभाग का अहम हिस्सा हैं, लेकिन उन्होंने पिछले डेढ़ साल से एक भी टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। सिराज ने आखिरी बार टी20 इंटरनेशनल मैच साल 2024 में हुए श्रीलंका के दौरे पर खेला था। वहीं सिराज साल 2024 में हुए टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की स्क्वाड का हिस्सा थे। अभी तक सिराज ने कुल 16 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें वह 14 विकेट हासिल करने में कामयाब रहे हैं और उनका इकॉनमी रेट 8 से कम का देखने को मिला है।
ये भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी का एक और कारनामा, अंडर 19 वर्ल्ड कप में रच दिया इतिहास
T20 World Cup 2026: पहले दिन बारिश बिगाड़ सकती है पाकिस्तान का खेल, PAK vs NED मैच के दौरान कैसा रहेगा कोलंबो का वेदर
Latest Cricket News