1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मोहसिन नकवी इस शर्त पर टीम इंडिया को एशिया कप ट्रॉफी देने को तैयार, रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा

मोहसिन नकवी इस शर्त पर टीम इंडिया को एशिया कप ट्रॉफी देने को तैयार, रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा

एशिया कप ट्रॉफी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी एशिया कप 2025 की ट्रॉफी देने के लिए तैयार हो गए हैं, लेकिन उन्होंने एक बड़ी शर्त रख दी है।

Mohsin Naqvi- India TV Hindi
Image Source : AP मोहसिन नकवी

एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त खिताब अपने नाम किया। भारत के चैंपियन बनने के बाद मैदान पर एक अजीबोगरीब नजारा उस समय देखने को मिला जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB के अध्यक्ष मोहसिन नकवी विजेता ट्रॉफी और मेडल लेकर अपने साथ लेकर चले गए। इस तरह भारतीय टीम को बिना ट्रॉफी के ही स्वदेश लौटना पड़ा। 

दरअसल, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल जीतने के बाद साफ कर दिया था कि वे ट्रॉफी मोहसिन नकवी के हाथों नहीं लेंगे। यही वजह रही कि नकवी काफी देर तक मंच पर इतंजार करते रहे लेकिन भारत की ओर से कोई भी खिलाड़ी मेडल या ट्रॉफी लेने नहीं गया। भारतीय खिलाड़ियों के कड़े रुख के बाद उन्होंने ट्रॉफी और मेडल लेकर स्टेडियम से बाहर निकलने का फैसला किया। अब दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन यह साफ नहीं है कि ट्रॉफी और मेडल भारतीय टीम तक कब और कैसे पहुंचेंगे। अब इस घटना को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है।

नकवी ने रखी बड़ी शर्त

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, मोहसिन नकवी ने आयोजकों के सामने बड़ी शर्त रखी है कि ट्रॉफी और मेडल तभी लौटाए जाएंगे, जब एक औपचारिक समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां वे खुद इन्हें खिलाड़ियों को सौंपेंगे। भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक संबंधों को देखते हुए ऐसी संभावना बेहद कम है। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद यह साफ हो गया है कि मोहसिन नकवी जानबूझकर एशिया कप ट्रॉफी और मेडल अपने साथ लेकर गए। 

BCCI उठाएगा बड़ा कदम

इस पूरे मामले पर BCCI सचिव देबजीत सैकिया ने नाराजगी जताते हुए कहा कि हमने ACC चेयरमैन से ट्रॉफी नहीं लेने का फैसला किया था, क्योंकि वे पाकिस्तान के प्रमुख नेताओं में से एक हैं। इसका मतलब यह नहीं कि वे ट्रॉफी और मेडल अपने साथ ले जाएंगे। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और खेलभावना के खिलाफ है। सैकिया ने आगे कहा कि भारत इस मामले को ICC के सामने उठाएगा। नवंबर की शुरुआत में दुबई में होने वाले ICC सम्मेलन में हम इस हरकत के खिलाफ गंभीर और कड़ा विरोध दर्ज कराएंगे। हमें उम्मीद है कि ट्रॉफी और मेडल जल्द ही भारत को वापस मिल जाएंगे। 

ACC की 4 बजे मीटिंग

इस बीच खबर आई है कि ट्रॉफी को लेकर आज ACC की बैठक आयोजित होगी। इंडिया टीवी की विजय लक्ष्मी के अनुसार, एशियन क्रिकेट काउंसिल की मीटिंग आज शाम 4 बजे भारतीय समयानुसार होगी, जिसमें ट्रॉफी से जुड़ा विवाद चर्चा का विषय बना रहेगा। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पीसीबी अध्यक्ष बैठक में शामिल होंगे या नहीं। यह भी माना जा रहा है कि BCCI 24 नवंबर को ICC की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में अपना विरोध दर्ज कराएगा। बता दें, एशिया कप ट्रॉफी उसी होटल में है जहां नकवी ठहरे हुए हैं और उन्हें दुबई के स्पोर्ट्स सिटी स्थित एसीसी कार्यालय में ट्रॉफी पहुँचाने के लिए कहा गया है, जहां से इसे भारत वापस भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें:

एशिया कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव का मुंबई पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत

नेपाल ने कर दिया बहुत बड़ा उलटफेर, 2 बार की वर्ल्ड चैंपियन को हराकर जीत ली सीरीज

Latest Cricket News