1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भुवनेश्वर कुमार की फॉर्म पर बॉलिंग कोच मोर्कल का बड़ा बयान, कहा- बाहरी शोर को भूलकर अपना नेचुरल गेम खेलना होगा

भुवनेश्वर कुमार की फॉर्म पर बॉलिंग कोच मोर्कल का बड़ा बयान, कहा- बाहरी शोर को भूलकर अपना नेचुरल गेम खेलना होगा

चार साल बाद टीम इंडिया में वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार शुरुआती दो मैचों में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। तीसरे टी20 मैच से पहले बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने भुवी को सलाह दी है कि वे लोगों की उम्मीदों का दबाव अपने ऊपर न लें और अपना नेचुरल खेल खेलें।

Morne Morkel & Bhuvneshwar Kumar- India TV Hindi
Image Source : PTI/GETTY मोर्ने मोर्केल & भुवनेश्वर कुमार

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के शुरुआती दोनों मैच जीत लिए हैं, लेकिन गेंदबाजों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। खासकर चार साल बाद टीम में वापसी करने वाले अनुभवी भुवनेश्वर कुमार के लिए ये दोनों मैच अच्छे नहीं रहे। उन्होंने दोनों मैचों को मिलाकर कुल 8 ओवर गेंदबाजी की और वहां 99 रन लुटाए और उन्हें सिर्फ एक ही विकेट मिला। खराब प्रदर्शन के बाद गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने भुवनेश्वर का हौसला बढ़ाया है। मोर्कल ने साफ कहा कि भुवी को किसी भी तरह का दबाव लेने की जरूरत नहीं है, बल्कि उन्हें अपने स्वाभाविक खेल पर ध्यान देना चाहिए।

भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी को लेकर मोर्केल ने क्या कहा?

मोर्कल ने कहा कि भुवनेश्वर के लिए उन्हें बुरा भी लगता है, क्योंकि चार साल बाद कमबैक करने के कारण उन पर बहुत ज्यादा उम्मीदों का दबाव है। हालांकि उन्होंने आईपीएल में बेहतरीन खेल दिखाया था, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट का स्तर बिल्कुल अलग होता है जहां थोड़ी सी गलती की भी गुंजाइश नहीं होती। भुवी को अपने दिमाग से इस दबाव को बिल्कुल हटा देना चाहिए, क्योंकि वापसी के बाद उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट के हिसाब से खुद को ढालने और ट्रेनिंग करने के लिए ज्यादा समय भी नहीं मिल पाया है।

भुवनेश्वर के पास अनुभव की कोई कमी नहीं है- मोर्ने मोर्केल

मोर्कल ने कहा कि हम सब जानते हैं कि भुवनेश्वर के पास हुनर और अनुभव की कोई कमी नहीं है, लेकिन क्रिकेट के खेल का सम्मान करते हुए हमें पिछले परिणामों को भूलकर आगे बढ़ना चाहिए। टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए उन्हें अभी और मौके दिए जाने चाहिए। मैंने उन्हें पहले दिन से यही समझाया है कि उन्हें घबराने या किसी चीज़ के पीछे भागने की जरूरत नहीं है। वे बस अपनी स्वाभाविक गेंदबाजी पर ध्यान दें और कुछ नया करने की कोशिश न करें। उन पर थोड़ा दबाव जरूर है, लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि वह हर मैच के साथ बेहतर प्रदर्शन करेंगे और अपनी पुरानी लय वापस पा लेंगे। उन्हें बाहर की आलोचनाओं और लोगों की बातों पर ध्यान देने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है।

RCB को चैंपियन बनाने में भुवनेश्वर कुमार ने निभाई थी अहम भूमिका

36 साल के भुवनेश्वर कुमार ने हाल ही में साल 2025 और 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को चैंपियन बनाने में बहुत अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने आईपीएल 2026 के 16 मैचों में शानदार गेंदबाजी करते हुए 28 विकेट चटकाए थे। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज के शुरुआती दोनों मैचों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। पहले मैच में उन्होंने 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 49 रन दिए और दूसरे मैच में 50 रन देकर सिर्फ 1 विकेट हासिल किया।

यह भी पढ़ें

कप्तान के दोस्त का होगा पत्ता साफ? देवदत्त पडिक्कल ने 199 रन बनाकर ठोक दिया दावा

सारांश जैन का बड़ा कारनामा, एक पारी में झटके 7 विकेट, 99 रनों पर ऑल आउट हुई बिहार की टीम

Latest Cricket News