आईपीएल 2026 सीजन का 33वां लीग मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के बीच में खेला जा रहा है। इस मैच में मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लेने में बिल्कुल भी देरी नहीं लगाई। वहीं इस मैच में सभी की नजरें सबसे ज्यादा सीएसके टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी की वापसी को लेकर टिकी हुई थी, जो पिछले कुछ समय से जमकर प्रैक्टिस करते हुए नजर आ रहे थे। सीएसके ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग 11 में कुछ बदलाव तो किए हैं, लेकिन उसमें धोनी की वापसी नहीं हुई। वहीं एमएस धोनी इस मुकाबले के लिए वानखेड़े स्टेडियम भी नहीं पहुंचे।
बदकिस्मती धोनी यहां मौजूद नहीं हैं
मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच में आईपीएल इतिहास में अब तक जबरदस्त टक्कर देखने को मिली है। ऐसे में इस मुकाबले पर भी सभी की नजरें हैं। धोनी को लेकर बात की जाए तो सीएसके की तरफ से खेलते हुए अब तक ऐसा सिर्फ दूसरी बार हुआ है जब धोनी मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं। धोनी को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स टीम के मौजूदा कप्तान रुतुराज गायकवाड ने टॉस के समय ये खुलासा किया कि वह इस मुकाबले को लेकर वानखेड़े स्टेडियम भी नहीं पहुंचे हैं। इस सीजन का आगाज होने से पहले धोनी को हैमस्ट्रिंग में इंजरी हुई थी, जिसके बाद से वह अब तक पूरी तरह से फिट नहीं हो सके हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले से एक दिन पहले सीएसके की तरफ से ये साफ कर दिया गया था कि मैच वाले दिन धोनी की फिटनेस को जांचने के बाद ही उनको खिलाने या ना खिलाने का फैसला लिया जाएगा।
रोहित शर्मा भी इस मुकाबले का नहीं हैं हिस्सा
सीएसके के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा को लेकर भी नजरें थी कि वह हैमस्ट्रिंग इंजरी के बाद इस मुकाबले में वापसी करेंगे या नहीं लेकिन मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस के समय प्लेइंग 11 में किसी तरह के कोई बदलाव ना करने का ऐलान करने के बाद साफ कर दिया कि रोहित इस मैच का भी हिस्सा नहीं हैं। रोहित शर्मा को आरसीबी के खिलाफ मैच में हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी, जिसके बाद ये लगातार तीसरा मुकाबला है जिससे वह बाहर हैं।
ये भी पढ़ें
RCB vs GT Head To Head: डिफेंडिंग चैंपियन का घर पर होगा गुजरात से सामना, अब तक दिखी है बराबरी की टक्कर
दिल्ली कैपिटल्स के लिए आई खुशखबरी, कब से आईपीएल खेलेंगे मिचेल स्टार्क
Latest Cricket News