1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट-रोहित के अगला वर्ल्ड कप खेलने पर धोनी की दो टूक, सचिन तेंदुलकर का भी किया जिक्र

विराट-रोहित के अगला वर्ल्ड कप खेलने पर धोनी की दो टूक, सचिन तेंदुलकर का भी किया जिक्र

ODI वर्ल्ड कप में अभी 2 साल बाकी है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली अगला वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं?

MS Dhoni- India TV Hindi
Image Source : AFP धोनी, केएल, विराट और रोहित

MS Dhoni: IPL के दो महीनों को छोड़ दें तो महेंद्र सिंह धोनी सार्वजनिक मंचों पर बहुत कम नजर आते हैं। ऐसे में जब भी भारत के सबसे सफल कप्तान किसी प्रमोशनल या सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होते हैं, क्रिकेट फैंस उनकी हर बात को गौर से सुनते हैं। इस बार भी धोनी ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के ODI वर्ल्ड कप 2027 में खेलने को लेकर पूछे गए सवाल पर बेहद सटीक और बेबाक जवाब दिया। धोनी ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी खिलाड़ी के सिलेक्शन में उम्र नहीं, बल्कि फिटनेस और प्रदर्शन को आधार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी साफ किया कि रोहित या विराट को यह बताने का हक किसी को नहीं है कि उन्हें अगला वर्ल्ड कप खेलना चाहिए या नहीं।

कोई क्यों न खेले?

एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान धोनी ने कहा- क्यों नहीं? अगला वर्ल्ड कप कोई क्यों न खेले? उनके लिए उम्र कभी मापदंड नहीं रही। फिटनेस और प्रदर्शन जरूरी हैं। किसी को यह कहने की जरूरत नहीं कि आपको खेलना चाहिए या नहीं खेलना चाहिए। अगर रोहित हो या विराट या कोई और, सिर्फ इसलिए कि उनकी उम्र 30 से ज्यादा है, यह तय नहीं किया जा सकता कि वे वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं।

धोनी ने आगे कहा कि अगर खिलाड़ी फिट हैं और देश के लिए अच्छा करने की भूख रखते हैं, तो उन्हें बड़े टूर्नामेंट से दूर रखने का कोई कारण नहीं है। धोनी ने कहा कि यह फैसला खिलाड़ियों का होना चाहिए। अगर वे लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम को देने के लिए तैयार हैं, तो उनका अनुभव टीम के लिए बेहद फायदेमंद होगा। अनुभव वाला 20 साल का खिलाड़ी ढूंढना आसान नहीं है, जब तक वह सचिन तेंदुलकर न हो।

शानदार फॉर्म में कोहली

गौरतलब है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ने हाल के महीनों में खेले गए ODI सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित शर्मा ने 202 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। उन्होंने इस सीरीज में 101 की औसत से बल्लेबाजी करते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया। वहीं, विराट कोहली को ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत में लगातार दो बार शून्य पर आउट होना पड़ा था, लेकिन उन्होंने सिडनी में अर्धशतक लगाकर दमदार वापसी की। इसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में विराट ने तीन मैचों में 302 रन ठोक दिए। इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक निकले।

न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई सीरीज में विराट कोहली ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई और 240 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 80 का रहा, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। वहीं, रोहित शर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों में 146 रन बनाए, हालांकि कीवी टीम के खिलाफ उन्हें संघर्ष करना पड़ा।

यह भी पढ़ें:

IND vs AFG: फाइनल के टिकट के लिए भिड़ेंगे भारत और अफगानिस्तान, कैसा है दोनों का हेड टू हेड रिकॉर्ड?

T20 World Cup: आज वॉर्मअप मैचों की भरमार, एक्शन में होंगे IND और PAK, कब और कहां देख सकेंगे LIVE

Latest Cricket News