IPL 2026 के शुरू होने से पहले फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स को मुंबई इंडियंस की टीम से काफी उम्मीदें थी। इस टीम के पास मौजूदा सीजन के लिए रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या जैसे प्लेयर्स मौजूद थे, लेकिन इन सभी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और शायद इसी वजह से उनकी टीम काफी पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई थी। MI का हाल कुछ ऐसा है कि इस सीजन उनके बल्लेबाजों ने जितने छक्के लगाए हैं, उतने ही छक्के गेंदबाजों ने अभी तक खाए भी हैं। ये रिकॉर्ड अपने आप में थोड़ा चौंकाने वाला जरूर है।
मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों का प्रदर्शन रहा खराब
मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल 2026 में अभी तक 13 मैच खेल चुकी है। इन 13 मैचों में मुंबई के बल्लेबाजों ने अब तक 130 छक्के लगाए हैं। यह आंकड़ा आपको काफी अच्छा लग रहा होगा, लेकिन आपको बता दें कि इस सीजन मुंबई के बॉलर्स 13 मैचों में अब तक 130 छक्के खा भी चुके हैं। यह आंकड़ा काफी हैरान करने वाला है। मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों की मेहनत पर उनके बॉलर्स पानी फेर रहे हैं। मुंबई के पास गेंदबाजी में इस साल जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर जैसे क्वालिटी बॉलर्स थे लेकिन फिर भी उनकी टीम को इस सीजन निराशा हाथ लगी।
13 में से सिर्फ 4 मैच जीत पाई है मुंबई
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अपने सीजन की शुरुआत केकेआर के खिलाफ जीत के साथ की थी। इसके बाद उन्हें अगली जीत के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। टीम को इस सीजन अब तक 13 में से सिर्फ 4 में जीत मिली है और 8 अंकों के साथ उनकी टीम नौंवें नंबर पर है। मुंबई लीग स्टेज में अपना आखिरी मैच राजस्थान रॉयल्स के साथ 24 मई को खेलेगी और वहां जीत के साथ इस सीजन का अंत करना चाहेगी।
रोहित और हार्दिक रहे चोट से परेशान
मुंबई इंडियंस के कई प्लेयर्स इस सीजन चोट की वजह से परेशान रहे। टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से चार मैचों से बाहर थे। वहीं हार्दिक पांड्या भी पीठ में तकलीफ होने की वजह से कई मैचों से बाहर रहे थे। MI के प्लेयर्स इस खराब सीजन को भूलकर अब अगले सीजन में दमदार वापसी करना चाहेंगे। मुंबई ने अपना आखिरी आईपीएल साल 2020 में जीता था।
यह भी पढ़ें
ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिंगल दौड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड किसके नाम? टॉप-5 में 2 भारतीय का नाम
KKR Qualification Scenario: कोलकाता ने किया शानदार कमबैक, लेकिन प्लेऑफ के लिए लगाना होगा एड़ी चोटी का जोर
Latest Cricket News