बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज हो चुका है। हालांकि, इसके साथ ही मेजबान बांग्लादेश टीम को बड़ा झटका लगा है। अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम उंगली में चोट के कारण पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। नेट्स में अभ्यास के दौरान लगी चोट से वह समय रहते उबर नहीं सके, जिसके चलते टीम को प्लेइंग इलेवन में बदलाव करना पड़ा है। हालांकि, बांग्लादेश को उम्मीद है कि रहीम 5 नवंबर से सिलहट में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट तक फिट हो जाएंगे।
नेट्स में अभ्यास के दौरान लगी चोट
मुशफिकुर रहीम को 27 अक्टूबर को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी BCB अकादमी परिसर में अभ्यास के दौरान चोट लगी थी। बल्लेबाजी करते समय एक बाउंसर उनकी दाहिनी हाथ की तर्जनी उंगली पर जा लगी। चोट के बाद उन्हें दर्द के कारण नेट्स से बाहर आना पड़ा। 28 अक्टूबर की सुबह भी उनकी परेशानी कम नहीं हुई। विकेटकीपिंग के दस्ताने पहनने की कोशिश के दौरान उन्हें दर्द महसूस हुआ। इसके बाद उनकी उंगली का एक्स-रे कराया गया। राहत की बात यह रही कि जांच में किसी तरह का फ्रैक्चर या टियर सामने नहीं आया। हालांकि, चोट में पर्याप्त सुधार नहीं होने के कारण वह पहले टेस्ट में खेलने के लिए उपलब्ध नहीं हो सके।
बांग्लादेश टीम के फिजियोथेरेपिस्ट बायजेदुल इस्लाम खान ने बुधवार को बताया कि उन्हें कल अभ्यास के दौरान दाहिने हाथ की तर्जनी उंगली में चोट लगी थी। उन्हें निगरानी में रखा गया, लेकिन आज सुबह तक उनकी स्थिति में पर्याप्त सुधार नहीं हुआ था। यह चोट लगने के कारण आई सूजन है और हमें उम्मीद है कि वह अगले तीन दिनों में ठीक हो जाएंगे। वह अगले टेस्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे। रहीम बांग्लादेश की ओर से सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह 7 हजार रन पूरे करने से सिर्फ 43 रन दूर हैं।
तौहीद हृदोय को मिला मौका
मुशफिकुर रहीम के बाहर होने से तौहीद हृदोय के लिए टीम में जगह बनाने का रास्ता खुल गया। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए बांग्लादेश की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। रहीम ने इसी महीने अबू धाबी में अफगानिस्तान के खिलाफ अपना पिछला टेस्ट मैच खेला था, जिसमें उन्होंने 81 रन की शानदार पारी खेली थी। ऐसे में पहले टेस्ट से उनकी गैरमौजूदगी बांग्लादेश की बल्लेबाजी के लिए अहम साबित हो सकती है। टीम को उम्मीद होगी कि उनकी जगह शामिल किए गए हृदोय इस मौके का फायदा उठाकर अच्छा प्रदर्शन करेंगे। शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट में बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
WTC के लिहाज से अहम सीरीज
वेस्टइंडीज के खिलाफ यह सीरीज बांग्लादेश के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC 2025-27 चक्र के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण है। इस चक्र में टीम को अभी 6 टेस्ट मैच और खेलने हैं। बांग्लादेश की नजरें पहली बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने पर हैं। इसके लिए उसे अपने बाकी मुकाबलों में कम से कम 4 जीत और 1 ड्रॉ हासिल करना होगा। ऐसे में मुशफिकुर रहीम की चोट टीम के लिए मुश्किल जरूर है, लेकिन बांग्लादेश को उम्मीद होगी कि अनुभवी बल्लेबाज दूसरे टेस्ट तक वापसी कर टीम को मजबूती देंगे।
यह भी पढ़ें:
आईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया को फायदा, तीन मैच जीतकर नंबर वन के करीब पहुंचा भारत
वनडे मैच में 19वें ओवर में ही हारी पाकिस्तानी टीम, फिर भी खेलेगी फाइनल मुकाबला
Latest Cricket News