A
Hindi News खेल क्रिकेट 'मैं 200 रन भी बना लूं फिर भी वो खुश नहीं होते'- वैभव सूर्यवंशी ने किसको लेकर कही ऐसी बात

'मैं 200 रन भी बना लूं फिर भी वो खुश नहीं होते'- वैभव सूर्यवंशी ने किसको लेकर कही ऐसी बात

वैभव सूर्यवंशी ने बताया है कि उनके पिता संजीव सूर्यवंशी उनके प्रदर्शन से कभी खुश नहीं होते, भले ही वह 200 रन बना लें। वैभव इस वक्त राइजिंग स्टार्स एशिया कप में खेल रहे हैं।

Vaibhav Suryavanshi- India TV Hindi Image Source : PTI वैभव सूर्यवंशी

भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इन दिनों राइजिंग स्टार्स एशिया कप में खेल रहे हैं। उन्होंने हाल ही में यूएई के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। सूर्यवंशी ने किसी भारतीय द्वारा संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज टी-20 शतक जड़कर एक और उपलब्धि अपने नाम की। इस मैच के बाद उन्होंने बताया कि उनके पिता उनके प्रदर्शन से कभी संतुष्ट नहीं होते, चाहे वह दोहरा शतक ही क्यों न लगा लें। यूएई के खिलाफ मैच में वैभव ने 42 गेंदों में 144 रन की शानदार पारी खेली।

यूएई के खिलाफ मैच में वैभव सूर्यवंशी ने खेली थी तूफानी पारी

15 वर्षीय वैभव ने यूएई के खिलाफ मैच में 32 गेंदों में अपने शतक पूरा किया और ऋषभ पंत के 2018 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिल्ली के लिए खेलते हुए बनाए गए शतक की बराबरी कर ली। सूर्यवंशी ने 42 गेंदों में 144 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उनके इसी पारी के बदौलत इंडिया ए ने निर्धारित 20 ओवरों में 297 रनों का विशाल स्कोर बनाया। इस शानदार पारी के बाद, बीसीसीआई ने वैभव का एक वीडियो शेयर किया जिसमें वह मैच के बाद अपने पिता संजीव सूर्यवंशी से बात कर रहे थे।

वैभव सूर्यवंशी ने अपने पिता को लेकर क्या कहा?

इस वीडियो में, उनके पिता ने वैभव से कहा कि वह जिस गेंद पर आउट हुए, उस पर छक्का लगा सकते थे। इस दौरान वैभव ने अपने पिता की उनसे बड़ी उम्मीदों के बारे में भी बताया। बीसीसीआई द्वारा शेयर किए गए वीडियो में सूर्यवंशी ने कहा कि मेरे पिता मेरे प्रदर्शन से कभी संतुष्ट नहीं होते, चाहे मैं 200 रन भी बना लूं; फिर भी वे कहते हैं कि मैं 10 रन और बना सकता था। लेकिन मेरी मां मुझे बल्लेबाजी करते हुए देखकर हमेशा खुश होती हैं, चाहे मैं शतक बनाऊँ या शून्य पर आउट हो जाऊं, वह बस यही कहती हैं, अच्छा करते रहो।

अपने खेल को लेकर वैभव सूर्यवंशी ने दिया बड़ा बयान

सूर्यवंशी ने क्रीज पर अपनी बैटिंग अप्रोच के बारे में भी बात की और बताया कि वह हमेशा नैचुरल गेम खेलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं कुछ भी अलग करने की कोशिश नहीं करता। मैं बस बचपन से जो अभ्यास करता आया हूं, जो कड़ी मेहनत करता आया हूं, उस पर ध्यान केंद्रित करता हूं और मैदान पर नैचुरल गेम खेलने की कोशिश करता हूं। अगर मैं कुछ अलग करने की कोशिश करता हूं जो मेरे खेल का हिस्सा नहीं है, तो इससे टीम को कोई फायदा नहीं होगा, और व्यक्तिगत रूप से, मुझे भी इससे कोई मदद नहीं मिलेगी।

यह भी पढ़ें

टेस्ट मैच के बीच में अस्पताल में भर्ती हुए शुभमन गिल, खेलने पर खड़ा हो गया बड़ा सवाल

IPL 2026 Auction: इस दिन सजेगा खिलाड़ियों का बाजार, खरीदने के लिए सभी टीमों के बीच होगी होड़

Latest Cricket News