1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशियन गेम्स 2026 के बीच आई बुरी खबर, बांग्लादेश के नजमुल हसन शांतो हुए बाहर

एशियन गेम्स 2026 के बीच आई बुरी खबर, बांग्लादेश के नजमुल हसन शांतो हुए बाहर

बांग्लादेश के स्टार बल्लेबाज और टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो बुखार के चलते एशियन गेम्स 2026 से बाहर हो गए हैं। मेडिकल टीम की सलाह के बाद उन्हें टूर्नामेंट से हटाने का फैसला किया है।

Najmul Hossain Shanto- India TV Hindi
Image Source : AFP नजमुल हसन शांतो

एशियन गेम्स 2026 के बीच बांग्लादेश के लिए बुरी खबर सामने आई है। टीम के प्रमुख बल्लेबाज और टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो बीमारी के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। बांग्लादेश ओलंपिक एसोसिएशन यानी BOA ने 28 सितंबर को इसकी पुष्टि की। 28 साल के शांतो पिछले कुछ दिनों से बुखार से परेशान हैं और अब 29 सितंबर को बांग्लादेश लौटेंगे। शांतो की तबीयत को देखते हुए उन्हें एशियन गेम्स में आगे खेलने की अनुमति नहीं दी गई। BOA ने अपने बयान में कहा कि बांग्लादेश दल के डॉक्टर, BCB के फिजियोथेरेपिस्ट और स्थानीय मेडिकल टीम के आकलन के बाद शांतो को खेलों से बाहर रखने की सलाह दी गई।

मेडिकल टीम की निगरानी में शांतो

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, शांतो को वापस बुलाने के पीछे एक और अहम वजह है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड उन्हें जोखिम में डालना नहीं चाहता, क्योंकि टीम को 9 अक्टूबर से अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलना है। ऐसे में बोर्ड शांतो की फिटनेस को लेकर किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता। शांतो ने करीब 16 महीने के लंबे अंतराल के बाद एशियन गेम्स के लिए चुने जाने के साथ ही बांग्लादेश की T20 इंटरनेशनल टीम में वापसी की थी। हालांकि, सोमवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें तुरंत मेडिकल निगरानी में रखा गया। वह दिन में होने वाले टीम के निर्धारित अभ्यास सत्र में भी हिस्सा नहीं ले सके।

BCB के फिजियो ने दिया अपडेट

BCB के फिजियो बेयजेदुल इस्लाम खान ने शांतो की स्थिति को लेकर बताया कि उन्हें फ्लाइट से लौटने के बाद से ही बुखार था और इसकी शुरुआत विमान में ही हो गई थी। उन्होंने कहा कि अभी बुखार में उतार-चढ़ाव हो रहा है, यह लो-ग्रेड फीवर है। अब तक की स्थिति को देखते हुए उनका शरीर काफी कमजोर हो गया है। चूंकि आज चौथा दिन है, इसलिए हमने उनका ब्लड टेस्ट कराया और उसकी रिपोर्ट आ गई है। उनके शरीर में कुछ संक्रामक एजेंट मौजूद हैं। शांतो के एशियन गेम्स से बाहर होने से बांग्लादेश को बड़ा झटका लगा है। टीम अब उनके बिना आगे के मुकाबलों में उतरेगी, जबकि शांतो का पूरा ध्यान बीमारी से उबरने और अक्टूबर में होने वाले अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट से पहले फिट होने पर रहेगा।

यह भी पढ़ें:

ODI World Cup 2027 का ऐसा होगा फॉर्मेट, ICC जल्द करेगा पूरे शेड्यूल का ऐलान

16 साल के क्रिकेट करियर में अब जाकर खेली सबसे बड़ी पारी, 37 साल के खिलाड़ी ने किया कमाल

Latest Cricket News