बांग्लादेश की टीम इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच इस वक्त तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का तीसरा मैच 8 जुलाई को पल्लेकेले में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले बांग्लादेश टीम को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक सीरीज के आखिरी वनडे मैच से बांग्लादेश के स्टार बल्लेबाज नजमुल हसन शान्तो बाहर हो सकते हैं।
दूसरे वनडे मैच के दौरान चोटिल हुए थे नजमुल शांतो
रिपोर्ट के मुताबिक शान्तो को पिछले मैच में चोट लगी थी। जिस वजह से आखिरी वनडे मैच में उनका खेलना मुश्किल लग रहा है। इस चोट की वजह से वह दूसरे वनडे मैच के दौरान फील्डिंग नहीं कर पाए थे। टीम के करीबी सूत्रों ने कहा कि शान्तो अभी डॉक्टर और फिजियो की निगरानी में हैं और वह आखिरी वनडे में खेलने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
इस खिलाड़ी को मिल सकता है ओपन करने का मौका
ऐसा माना जा रहा है कि अगर शान्तो इस मैच से बाहर होते हैं तो उनकी जगह प्लेइंग XI में मोहम्मद नईम की एंट्री हो सकती है। नईम दो साल बाद नेशनल टीम में वापसी करने में कामयाब हो पाए हैं। तीसरे टी-20 मैच से पहले हुए प्रैक्टिस सेशन के दौरान शान्तो नेट्स में परेशानी में दिखे। उन्हें भागने के दौरान दिक्कत हुई, जिसके बाद वह काफी देर तक फिजियो से बात करते हुए नजर आए।
बांग्लादेश के पास वनडे सीरीज जीतने का मौका
तीन मैचों की ये सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। पहला वनडे मैच श्रीलंका ने 77 रनों से अपने नाम किया था, वहीं दूसरे वनडे मैच में बांग्लादेश ने 16 रनों से बाजी मारी थी। बांग्लादेश के पास तीसरा वनडे मैच जीतकर श्रीलंका में पहली बार सीरीज जीतने का मौका होगा। इसको लेकर बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज परवेज एमोम ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत बड़ा मौका है। अगर हम कल का मैच जीतते हैं तो यह हमारे लिए एक बेहतरीन सीरीज जीत होगी। हर प्लेयर आत्मविश्वास से भरा हुआ है। पिछले मैच में जीत के बाद हमारे बीच आत्मविश्वास बढ़ रहा है, इसलिए हम कल मैच जीतने की पूरी कोशिश करेंगे।
यह भी पढ़ें
एजबेस्टन टेस्ट मैच के हीरो आकाश दीप कितनी संपत्ति के हैं मालिक, जानिए उनकी नेट वर्थ
रोहित शर्मा ने इंग्लैंड में जितने रन पूरे टेस्ट करियर में बनाए, उतने तो इस बल्लेबाज ने 2 मैचों में ही जड़े
Latest Cricket News